Asia Cup 2023 : पाकिस्‍तान होगा बाहर, फंस गया नया पंगा!


एशिया कप को लेकर नया पंगा फंस गया है। इस बीच पाकिस्‍तान अब अलग थलग पड़ गया है।

Image Source : PTI, TWITTER
Image Source : PTI, TWITTER

आईपीएल 2023 खत्‍म हो चुका है। डब्‍ल्‍यूटीसी का फाइनल अब महज एक सप्‍ताह दूर रह गया है, लेकिन एशिया कप 2023  का पंगा अभी तक दूर नहीं हुआ है। इसी साल सितंबर में वनडे फॉर्मेट पर एशिया कप का आयोजन होना है, लेकिन अभी तक ये साफ नहीं है कि इसका वेन्‍यू क्‍या होगा। इसकी मेजबानी तो पाकिस्‍तान को मिली है, लेकिन बीसीसीआई सचिव जय शाह ने साफ कर दिया है कि टीम इंडिया पाकिस्‍तान में जाकर क्रिकेट मैच नहीं खेलेगी। इसके बाद से पाकिस्‍तान में भूकंप सा आ गया है। अपने फायदे के लिए पाकिस्‍तान ने इसके लिए एक हाइब्रिड मॉडल भी पेश किया था और उसके बाद एक प्रोपेगेंडा रचा और कहा जाने लगा कि बीसीसीआई ने उसके हाइब्रिड मॉडल को मान लिया है, लेकिन आनन फानन में बीसीसीआई की ओर से कहा गया कि अभी तक एशिया कप के वेन्‍यू को लेकर कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है।

पाकिस्‍तान की एशिया कप की लेकर फूली हुई हैं सांसें 

पाकिस्‍तान की सांसें उस वक्‍त और भी ज्‍यादा फूलने लगी, जब पीसीबी को पता चला कि आईपीएल फाइनल के लिए बीसीसीआई की ओर से बांग्‍लादेश और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के आला अधिकारियों को भी बुलाया गया है। उसे एक बार फिर से एशिया कप की मेजबानी का खतरा सताने लगा। अब पता चला है कि एशिया कप की मेजबानी पाकिस्‍तान से किसी और देश को जा सकती है।

एशिया कप 2023 का आयोजन श्रीलंका में हो सकता है 
आईपीएल फाइनल के लिए श्रीलंका समेत कई देशों के क्रिकेट बोर्ड के आला अधिकारी इस वक्‍त भारत में हैं। इस बीच कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एशिया कप 2023 की मेजबानी श्रीलंका के पास जा सकती है। बीसीसीआई के सीनियर अधिकरियों और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के बीच इसको लेकर बातचीत हुई है और पता चला है कि श्रीलंका की ओर से इसको लेकर जल्‍द ही दावेदारी पेश की जाएगी। एसीसी की बैठक में इस पर आखिरी फैसला लिया जा सकता है। खास बात ये भी है कि एसीसी यानी एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्‍यक्ष जय शाह ही हैं, जो बीसीसीआई के सचिव हैं।

पाकिस्‍तान हो सकता है एशिया कप से बाहर 
पीसीबी की ओर से पहले ही कहा जा चुका है कि अगर सभी देशों ने हाइब्रिड मॉडल को मंजूरी नहीं दी तो वे एशिया कप का बहिष्‍कार करेगा। लेकिन अगर एशिय कप की मेजबानी श्रीलंका के पास जाती है, जैसी कि खबरें आ रही हैं तो फिर देखना होगा कि पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड क्‍या फैसला करता है। वैसे भी आपको याद ही होगा कि एशिया कप 2022 की मेजबानी श्रीलंका के पास थी, लेकिन उस वक्त श्रीलंका में हालात खराब थे और एशिया कप यूएई में कराया गया था। इस बीच अब देखना होगा कि आखिरी फैसला क्‍या लिया जाता है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *