सुल्तानपुर के लंभुआ थाना क्षेत्र में एक मां ने मासूम बच्ची की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। पति की पहले ही मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बच्ची की मां की भी मानसिक हालत ठीक नहीं है।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सब्जी काटते-काटते एक मां ने अपनी ही बेटी का गला काटकर हत्या कर दी।
मंगलवार की सुबह करीब सात बजे कोइरीपुर नगर पंचायत के विवेकनगर मुहल्ले में मां ने बेरहमी से बेटी का गला चाकू से काट दिया। गम्भीर रूप से घायल बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसकी मौत हो गई।
कर ली थी दूसरी शादी
शिव पूजन ओझा की पुत्री प्रियंका की शादी वर्ष 2010 में विवेकनगर (सुल्तानपुर) निवासी विजय पांडेय के साथ हुई थी। प्रियंका-विजय की एक बेटी परिधि है। विजय की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। प्रियंका की दूसरी शादी जौनपुर जिले के बहरा निवासी सन्तोष दुबे से हो गई। वह मुम्बई में रोजगार करते हैं। करीब छह माह पहले परिधि संग प्रियंका कोइरीपुर आ गई।
शिव पूजन के मुताबिक, तभी से मां -बेटी उनके ही घर रह रही थीं। प्रियंका की मानसिक हालत ठीक नहीं है। उसका इलाज इलाहाबाद के अस्पताल से चल रहा है। मंगलवार की सुबह प्रियंका सब्जी काट रही थी। इस दौरान अचानक उसने चाकू से पास में मौजूद परिधि का गला काट दिया।
रास्ते में हुई बालिका की मौत
खून से लथपथ बालिका को लेकर परिवारजन पहले चांदा सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शिव पूजन के मुताबिक, रास्ते मे ही एम्बुलेंस में परिधि की नाक से खून बहता देख कर उन्होंने कर्मचारी को बताया।
एम्बुलेंस पर तैनात कर्मी घायल और स्वजन को स्थानीय सीएचसी पर छोड़कर चले गए। उधर, चिकित्सक ने परिधि को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक अब्दुस सलाम ने बताया कि चांदा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई है। उधर, चांदा प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि प्रियंका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
