फ्लैट में लूट के बाद हत्या: हर चीज से वाकिफ थे बदमाश, 23 मिनट में वारदात; पता था वसीम नमाज पढ़ने जाते हैं


लखनऊ के शक्तिनगर में एफएम अपार्टमेंट के फ्लैट में नफीस की हत्या के बाद लूट की वारदात रेकी कर अंजाम दी गई। बदमाशों के पास दंपती के बारे में पूरी जानकारी थी। महज 23 मिनट के भीतर बदमाश वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के जरिये इसकी पुष्टि हुई। 

 

लखनऊ के शक्तिनगर इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े एफएम अपार्टमेंट के फ्लैट नं. 404 में बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद बदमाशों को भागता देख पैथोलॉजी के एजेंट के शोर मचाने के बाद लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की थी। पर, वे नाकाम रहे। एक बदमाश मेन गेट से भागा जबकि अन्य दो बाउंड्रीवॉल कूदकर भाग निकले। बदमाशों के पास दंपती के बारे में पूरी जानकारी थी। महज 23 मिनट के भीतर बदमाश वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के जरिये इसकी पुष्टि हुई। अब तक की जांच में शक है कि दंपती का कोई करीबी वारदात का मास्टरमाइंड है।

आठ टीमें खुलासे के लिए लगाई गई हैं। सर्विलांस टीम संदिग्ध नंबर चिह्नित कर रही है। डीसीपी उत्तरी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि दोपहर 1:22 बजे तीनों बदमाश मेनगेट से अपार्टमेंट परिसर में दाखिल हुए। सीधे चौथी मंजिल पर स्थित नफीस के फ्लैट नंबर 404 के बाहर पहुंचे। दरवाजा खुलवाया और भीतर घुस गए। दोपहर 1:45 बजे बदमाश परिसर से बाहर आए। मतलब 23 मिनट में घटना अंजाम दी। जिस तरह से वारदात की गई, उससे आशंका है कि बदमाशों के पास नफीस को लेकर पूरी जानकारी थी। पता था कि घर पर अकेली नफीस ही हैं। यही वजह कि उनके किसी नजदीकी के शामिल होने की आशंका है।

पता था वसीम नमाज पढ़ने जाते हैं

नफीस के पति वसीम वारदात के वक्त नमाज पढ़ने गए थे। उन्होंने बताया कि वह दोपहर में रोजाना नमाज पढ़ने जाते हैं। बदमाशों को ये भी जानकारी थी। इसलिए वह उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया जब वसीम फ्लैट पर नहीं थे।

गार्ड गेट से हटा, तुरंत भीतर घुस गए

अपार्टमेंट में दो गार्ड ड्यूटी पर रहते हैं। एक दिन में और एक रात में। इस दौरान दिन की ड्यूटी में शाबान तैनात थे। उन्होंने बताया कि आमतौर पर जो भी अपार्टमेंट में आता है, उसका नाम, पता आदि दर्ज किया जाता है। चूंकि जिस तरह ये बदमाश भीतर गए, उस वक्त वह मोटर चलाने गया था। गेट पर जब वह नहीं था तब बदमाश भीतर घुसे। ये इत्तेफाक है या साजिश का हिस्सा। पुलिस इस पहलू की तफ्तीश कर रही है।

कई शक के दायरे में

वसीम ने बताया कि अयोध्या निवासी जितेंद्र सिंह उनका ड्राइवर था। करीब बीस दिन पहले उसे नौकरी से निकाल दिया था। उससे कुछ कहासुनी हुई थी। वसीम ने ड्राइवर पर शक जाहिर किया। वहीं, ब्लड सैंपल लेने पहुंचे पैथालॉजी का एजेंट, सुरक्षाकर्मी रडार पर हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिनका वसीम के घर आनाजाना रहा है, वह भी शक के दायरे में हैं।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *