कन्नौज रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, निर्माणाधीन लेंटर गिरा, कई मजदूर दबे


रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण के कार्य के दौरान निर्माणाधीन लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।

23 मजदूरों को निकाला; 13 करोड़ की लागत से बन रहा था

कन्नौज रेलवे स्टेशन पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां दो मंजिला निर्माणाधीन स्टेशन का लिंटर अचानक ढह गया। मलबे में 40 से ज्यादा मजदूर दब गए। अब तक 23 घायल जिला अस्पताल पहुंचाए गए हैं। इनमें से 7 को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है।

हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घायलों को ई-रिक्शे और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। सीनियर अफसरों ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। 1 जेसीबी और 3 गाड़ी फायर ब्रिगेड की मौके पर रेस्क्यू में जुटी हैं।

स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत दो मंजिला नई बिल्डिंग बन रही थी। शनिवार सुबह अचानक पूरा लिंटर ढह गया। सूचना मिलते ही यूपी सरकार के मंत्री असीम अरुण भी मौके पर पहुंचे। डीएम सुभ्रांत कुमार शुक्ला और एसपी बिनोद कुमार, सीओ सिटी घटनास्थल पर हैं। कानपुर जोन के आईजी जोगेंद्र सिंह भी कन्नौज रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं।

सीएम योगी ने कन्नौज में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंच कर राहत काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

पुरानी बिल्डिंग से सटा कर नई बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा कन्नौज रेलवे स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग से सटा कर नई बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है। दरअसल, 13 करोड़ की लागत से स्टेशन के वेटिंग एरिया का हाल बनाया जा रहा है। इसके लिए1 साल से काम चल रह है। इसका काम आशुतोष इंटरप्राइजेज को दिया गया था। ठेकेदार राम विलास राय काम करवा रहे थे।

यह निर्माण प्लेटफार्म पर ही हो रहा था। यहां दो मंजिला भवन के ऊपरी हिस्से पर लिंटर डाला गया था। शनिवार दोपहर अचानक ऊपर का लेंटर ढह गया। इसकी चपेट में 20 से ज्यादा मजदूर आ गए।

पूर्वोत्तर रेलवे के CPRO पंकज कुमार सिंह ने कहा, “हमें दोपहर 2.39 बजे घटना की सूचना मिली कि 5 मजदूर घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। मामूली रूप से घायलों को 50 हजार रुपए और गंभीर रूप से घायलों को ढाई लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। रेलवे और राज्य सरकार की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। राहत और बचाव का कार्य जारी है।

एक प्रत्यक्षदर्शी महेश कुमार ने बताया- मैं खाना खाकर आया। इसके बाद मसाले का पहला चक्कर बनाया। इसी दौरान लिंटर गिर गया। हम एक पैर जनरेटर पर रखे थे, एक पैर मशीन पर रखे थे। समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ है? हादसे के समय कम से कम 40-50 लोग मौजूद थे।

ये मजदूर मलबे में दबकर घायल हुए राम बहादुर (सरायमीरा), आर्यन (सरायमीरा), कमलेश (सुक्खापुरवा), ध्रुव (चौराचांदपुर), कमलेश (चौराचांदपुर), अनिल (चौराचंदपुर), श्यामू (चौराचांदपुर), संदीप (चौराचांदपुर), विकास (ईसवापुर), संजेश (नेरा), राजा (ईसवापुर), रामरूप (चौराचांदपुर), रोहित (चौराचांदपुर), स्वामी दास (बलिया), आदेश पाल (ईसवापुर) घायल हुए हैं। राजू पासवान, राज कुमार गोयल, आकाश और कुलदीप राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किए गए हैं।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *