लखनऊ: नोएडा किंग्स ने शानदार बल्लेबाज़ी प्रदर्शन करते हुए जबरदस्त वापसी की और सीज़न का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर गौर गोरखपुर लायंस को 26 रनों से हराया। यह मुकाबला 2025 ANAX UPT20 (Powered by Vishwa Samudra) का 21वां मैच था, जो भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेला गया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नोएडा किंग्स ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 248 रन ठोके। टीम की शुरुआत अनिवेश चौधरी (63 रन, 40 गेंद) और शिवम चौधरी (46 रन, 35 गेंद) ने की, दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान प्रशांत वीर (58\* रन, 21 गेंद) और रवि सिंह (68\* रन, 24 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में 110 रन जोड़कर गोरखपुर पर कहर बरपाया। दोनों ने मिलकर आखिरी 5 ओवर में 92 रन ठोक दिए।


रवि सिंह ने 7 छक्के और 3 चौके जड़ते हुए 283 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 68 रन बनाए। कप्तान प्रशांत वीर ने भी 19 गेंदों में अर्धशतक जमाते हुए 6 चौके और 4 छक्के लगाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत खराब रही, जब अंचित यादव पहले ही ओवर में आउट हो गए। हालांकि कप्तान अक्षदीप नाथ (52 रन, 30 गेंद) और भास्कर भारद्वाज (40 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला। बाद में सिद्धार्थ यादव (30 रन, 10 गेंद, 3 छक्के लगातार), हरदीप सिंह (24 रन, 7 गेंद) और प्रिंस यादव (30 रन, 16 गेंद) ने तेज़ खेलकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन आखिरकार टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी।

नोएडा की ओर से कप्तान प्रशांत वीर ने गेंदबाज़ी में भी कमाल दिखाया और 4 ओवर में 38 रन देकर 3 विकेट झटके। करण शर्मा ने 2/45, अजय कुमार ने 2/26 और कुनाल त्यागी ने 1/21 लेकर गोरखपुर की तेज़ रफ्तार रोक दी।
इस जीत के साथ नोएडा किंग्स अंक तालिका में छठे स्थान से उठकर पांचवें पर आ गए और उनके 6 अंक हो गए हैं। वहीं, कानपुर सुपरस्टार्स 4 अंकों के साथ सबसे नीचे खिसक गए।
संक्षिप्त स्कोर:
नोएडा किंग्स – 248/2 (20 ओवर)
(रवि सिंह 68\*, अनिवेश चौधरी 63, प्रशांत वीर 58\*; सिद्धार्थ यादव 2/28)

गौर गोरखपुर लायंस – 222/8 (20 ओवर)
(अक्षदीप नाथ 52, भास्कर भारद्वाज 40, सिद्धार्थ यादव 30; प्रशांत वीर 3/38, करण शर्मा 2/45, अजय कुमार 2/26)

परिणाम: नोएडा किंग्स 26 रन से जीते
मैन ऑफ द मैच: प्रशांत वीर
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
