-
सितंबर 2025 में खरीदी गई इस ब्रेजा कार को यूनिवर्सिटी में कार्यरत डॉक्टर चला रहा था
-
बम निरोधक दस्ता व पुलिस टीमें कार की जांच के लिए पहुंची
-
जम्मू कश्मीर पुलिस की पूछताछ में डॉ. शाहीन ने कार के बारे में बताया तो वहां के इनपुट के बाद मिली कार

आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की कथित कमांडर डॉ. शाहीन सईद की दूसरी कार अल-फलाह यूनिवर्सिटी में बृहस्पतिवार को मिली है। डॉ. शाहीन ने यूनिवर्सिटी के ही ब्लॉक नंबर 15 के फ्लैट नंबर 32 के पते पर सितंबर 2025 में ये कार खरीदी थी। जम्मू कश्मीर पुलिस से मिले इनपुट के बाद फरीदाबाद पुलिस की टीम ने यूनिवर्सिटी परिसर में कार ढूंढी और इसके आस-पास के इलाके को सील किया गया है। बम निरोधक दस्ते से भी कार की जांच कराई गई है।
इस सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल के तहत लखनऊ से गिरफ्तार की गई डॉ. शाहीन सईद से जम्मू कश्मीर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। इसी पूछताछ में पता चला है कि वो आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग की कमांडर है। धौज स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी परिसर से 30 अक्तूबर को गिरफ्तार किए गए डॉ. मुज्जमिल अहमद गनेई उर्फ मुसैब से पूछताछ के बाद 8 नवंबर को इस केस में पहली स्विफ्ट कार बरामद हुई थी। ये कार भी डॉ. शाहीन के नाम पर थी और उसने डॉ. मुज्जमिल को ये कार प्रयोग करने के लिए दी थी। इसी कार से पहली बार 8 नवंबर को क्रिनकॉव राइफल, पिस्टल, मैगजीन व गोलियां मिली थीं।
अब इस मामले में डॉ. शाहीन के नाम पर रजिस्टर्ड दूसरी ब्रेजा कार मिली है। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो जम्मू कश्मीर पुलिस की पूछताछ में डॉ. शाहीन ने खुलासा किया है कि दोनों ही कारों का प्रयोग विस्फोटक लाकर फरीदाबाद में छुपाने में किया गया है। इसी वजह से पुलिस अभी कार को छू नहीं रही है। कार की जांच के लिए बृहस्पतिवार दोपहर बाद लगभग 4 बजे बम निरोधक दस्ता यूनिवर्सिटी परिसर में बुला लिया गया । बम निरोधक दस्ते की क्लियरेंस के बाद ही कार को चेक करने के बाद इसे यहां से जब्त कर टीम ले जाएगी।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
