खामेनेई की मौत के बाद ईरान का पलटवार, मिडिल ईस्ट में मिसाइल और ड्रोन से कर रहा हमले


इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल और अमेरिकी आर्मी ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं। ईरान में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया। ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के ऑफिस के पास भी धमाका हुआ है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने विस्फोटों की पुष्टि की है। ईरानी आर्मी ने इजरायल पर मिसाइलें दागकर जवाब दिया है। ईरान की ओर से कहा गया है कि इजरायल और अमेरिका के हमलों का पूरी मजबूती के साथ जवाब दिया जाएगा। इस लड़ाई से इजरायल और ईरान ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ सकता है।

Ali Khamenei Death: ईरान सभी हालात के लिए था तैयार, खामेनेई की मौत पर बोले संसद स्पीकर

अमेरिका और इजरायल के हमलों में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान की संसद के स्पीकर ने कहा है कि देश ने सभी हालात की तैयारी कर ली थी। सरकारी टीवी पर दिखाए गए एक वीडियो में मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने कहा, ‘हमने इन पलों के लिए खुद को तैयार कर लिया था और सभी हालात पर विचार किया था।’ उन्होंने आगे कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई को मारकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘रेडलाइन पार कर ली’ है और ‘इसके नतीजे भुगतेंगे।’

ट्रंप की ईरान को नई धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक नया बयान जारी किया है, जिसमें ईरान को जवाबी हमला न करने की चेतावनी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, ‘ईरान ने अभी कहा है कि वे आज बहुत जोर से हमला करेंगे, जितना पहले कभी नहीं हुआ। लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई।’ ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद IRGC ने कहा है वह अब तक का सबसे बड़ा हमला करने जा रहा है।

ईरानी राष्ट्रपति ने खामेनेई की हत्या का जवाब देने की खाई कसम

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत का बदला लेने की कसम खाई है। पेजेश्कियन ने खामेनेई की हत्या को एक बड़ा जुर्म बताया है। राष्ट्रपति कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि ‘यह बड़ा जुर्म कभी भी बिना जवाब के नहीं रहेगा और इस्लामिक दुनिया और शिया मत के इतिहास में एक नया पन्ना खोलेगा। इस बड़े नेता का पवित्र खून एक तेज झरने की तरह बहेगा और अमेरिकी-जायोनी जुल्म और जुर्म को खत्म कर देगा।’

ईरान करेगा सबसे बड़ा हमला- IRGC

सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने ईरान के इतिहास में सबसे खतरनाक हमला शुरू करने की घोषणा की है। IRGC ने कहा कि यह हमला बस कुछ पलों में शुरू होगा और इस इलाके में कब्जे वाले इलाके इलाकों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। इसके पहले ईरान ने पुष्टि की थी कि इजरायल और अमेरिकी हमले में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई है।

खामेनेई की बेटी, दामाद और पोते की हमले में मौत

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी न्यूज एजेंसी FARS ने बताया है कि सुप्रीम लीडर की बेटी, दामाद और पोते एक हमले में मारे गए हैं। इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई मारे गए हैं। ईरानी अधिकारियों और सरकार मीडिया ने अभी तक खामेनेई के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है। खामेनेई के ऑफिस ने उनकी मौत की खबरों को साइकोलॉजिकल वॉरफेयर कहा है।

ट्रंप ने खामेनेई की मौत को बताया ईरानियों के लिए इंसाफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा, ‘इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक, खामेनेई मर गए हैं। यह सिर्फ ईरान के लोगों के लिए इंसाफ नहीं है, बल्कि सभी महान अमेरिकियों और दुनियाभर के कई देशों के उन लोगों के लिए भी है, जिनमें खामेनेई और उसके खून के प्यासे गुंडों ने मार डाला।’ इसके पहले इजरायली अधिकारियों ने कहा था कि तेहरान में हुए हमले में खामेनेई की मौत हो गई है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *