भारत ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया है. ये भारत का तीसरा T20 वर्ल्ड कप खिताब है. इससे पहले 2007 और 2024 में भारत चैंपियन बना था.

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है. नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा. भारत ने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को तीसरी बार जीता है. भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है.
भारतीय टीम ने 2007, 2024 के बाद तीसरा बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया है. इसके साथ ही टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को लगातार दूसरी बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है.

भारत की एकतरफा जीत
टीम इंडिया से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई. फाइनल में भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें संभलने का मौका ही नहीं दिया. सेमीफाइनल में शतकीय पारी खेलने वाले फिन एलन महज 9 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने. इसके बाद रचिन रविंद्र भी एक रन बनाकर आउट हुए. ग्लेन फिलिप्स ने भी अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 5 रन बनाकर आउट हुए. मार्क चैपमेन को 3 रनों के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा. डेरिल मिचेल की खराब फॉर्म फाइनल में भी जारी रही और वह 17 रन ही बना सके.

एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे टिम साइफर्ट 26 गेंदों में 52 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौटे. साइफर्ट ने अपनी पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए. जेम्स नीशम 8 रन ही बना सके, जो मैट हेनरी अपना खाता भी नहीं खोल पाए. कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, अक्षर पटेल ने 27 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया.
भारत ने बनाए थे 255 रन
पहली पारी में भारत के टॉप ऑर्डर से रनों की आतिशबाजी देखने को मिली. एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत 270 रन के पार पहुंच जाएगा, लेकिन 16वां ओवर लेकर आए नीशम ने तीन विकेट लेकर भारत की रनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. उन्होंने संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और सूर्यकुमार यादव (0) के बड़े विकेट चटकाए. भारत को टॉस गंवाने के बाद पहले बैटिंग करते हुए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. अभिषेक 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सैमसन का तूफान जारी रहा. ईशान ने अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाए. सैमसन की पारी में 8 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. अंतिम ओवर में शिवम दुबे ने 24 रन बटोर कर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया. उन्होंने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए. हार्दिक ने 18 रन योगदान दिया. न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. मैट हेनरी और रचिन रवींद्र को एक-एक विकेट मिला.
Report by : Danish Ateeq Khan
Video Journalist : Utkarsh Kumar
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
