यूपी में अदाणी ग्रुप का बड़ा निवेश, 30 हजार नौकरियों की उम्मीद
लखनऊ: Adani Group के चेयरमैन Gautam Adani ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से मुलाकात कर राज्य में बड़े निवेश की योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान अदाणी ने मुख्यमंत्री के ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ विजन की सराहना करते हुए राज्य के भविष्य को लेकर भरोसा जताया।

गौतम अदाणी ने कहा कि यूपी सरकार का लक्ष्य 2030 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने इसे राज्य की असली क्षमता का प्रतीक बताया और कहा कि अदाणी ग्रुप इस परिवर्तन का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
70 हजार करोड़ निवेश का ऐलान
गौरतलब है कि अदाणी ग्रुप ने 2022 के इन्वेस्टर्स समिट में उत्तर प्रदेश में 70,000 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया था। इस निवेश से राज्य में कम से कम 30,000 रोजगार सृजित होने की उम्मीद जताई गई है।
इन सेक्टर्स में होगा निवेश
अदाणी ग्रुप का निवेश केवल इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एनर्जी, पावर, एयरपोर्ट, डिफेंस, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी किया जाएगा। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की संभावना है।
- पावर और एनर्जी: हाल ही में 1,600 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए 25 साल का समझौता हुआ है.
- एयरपोर्ट: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 10,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश प्लान है.
- डिफेंस और लॉजिस्टिक्स: रक्षा गलियारे, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर्स के जरिए राज्य में विकास की नई लहर लाने की तैयारी है.
अदाणी का बयान
सीएम योगी से मुलाकात के बाद गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कुछ विजन राष्ट्र का स्वरूप बदल देते हैं। उन्होंने ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के रोडमैप को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि अदाणी ग्रुप इन सेक्टर्स में निवेश के जरिए इस बदलाव में योगदान देने पर गर्व महसूस करेगा।
अयोध्या दौरा भी किया
इससे पहले गौतम अदाणी ने परिवार के साथ Ayodhya का दौरा किया। हनुमान जयंती के मौके पर उन्होंने श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
राज्य में इस बड़े निवेश को लेकर सरकार और उद्योग जगत दोनों को उम्मीद है कि इससे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
