एसी ब्लास्ट से बिल्डिंग में लगी आग, 9 लोगों की मौत, दिल्ली के विवेक विहार में आधी रात मचा हड़कंप, तस्वीरों में देखें खौफनाक हादसे का मंजर


दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 7 से 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है.

Image Credit: ANI
Image Credit: ANI

दिल्ली के विवेक विहार में भीषण अग्निकांड, 9 लोगों की मौत; तीन पीढ़ियां एक साथ खत्म

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में आग लगने के बाद मौके पर जमा लोग और दमकलकर्मी। (सभी फोटो सौजन्य- जागरण)
विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में आग लगने के बाद मौके पर जमा लोग और दमकलकर्मी। (सभी फोटो सौजन्य- जागरण)

जानकारी के मुताबिक, फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, आग बी-13 नामक चार मंजिला इमारत के दूसरे फ्लोर पर लगी थी, जो देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी।

इस हादसे में सबसे बड़ा नुकसान एक ही परिवार को हुआ, जहां तीन पीढ़ियां एक साथ खत्म हो गईं। मृतकों में 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल का मासूम आकाश जैन शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। दादा-दादी, माता-पिता और छोटा बच्चा—कोई भी जिंदा नहीं बच सका।

इसके अलावा पहली मंजिल पर रहने वाली 45 वर्षीय शिखा जैन की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग और धुएं के कारण वह बाहर नहीं निकल सकीं। वहीं तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक अन्य परिवार के 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी पत्नी शैलेय जैन और 25 वर्षीय बेटे सम्यक जैन की भी आग में झुलसकर मौत हो गई।

दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ लोगों के पीछे के फ्लैटों में फंसे होने की आशंका थी, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के अंदर फंसे होने से इनकार किया है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत की तलाशी ली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी ब्लास्ट बताई जा रही है। चश्मदीदों का कहना है कि पहले तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *