UPT-20 लीग सीजन-4 के ट्रॉफी टूर में दिखा क्रिकेट का जुनून, प्रशांत वीर ने सुनाया धोनी से मुलाकात का किस्सा और माधव कौशिक ने साझा की टैटू की कहानी, UPCA कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने कहा हार-जीत की चिंता छोड़कर अपना सर्वश्रेष्ठ दें


प्रशांत वीर ने सुनाया धोनी से मुलाकात का किस्सा, माधव कौशिक ने बताई टैटू की कहानी

लखनऊ, 10 अगस्त 2026 – यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के विशेष ट्रॉफी टूर अभियान के तहत सोमवार को लीग की चमचमाती ट्रॉफी लखनऊ के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पहुंची। ट्रॉफी टूर का उद्देश्य युवाओं और छात्रों को क्रिकेट से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें खिलाड़ियों के संघर्ष, अनुभव और सफर से रूबरू कराना रहा। दिन की शुरुआत सेंट डोमिनिक सेवियो कॉलेज से हुई, जहां कानपुर सुपरस्टार्स के आदर्श सिंह ने छात्रों से संवाद किया। इसके बाद बाबा गुरुकुल अकादमी में कानपुर सुपरस्टार्स के मोहम्मद अमान ने छात्रों से मुलाकात कर क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। ट्रॉफी टूर का अंतिम पड़ाव बीबीडी यूनिवर्सिटी रहा, जहां नोएडा किंग्स के प्रशांत वीर और माधव कौशिक ने छात्रों के साथ संवाद किया। इस दौरान यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला भी मौजूद रहे। ट्रॉफी को करीब से देखने और खिलाड़ियों से सीधे बातचीत का मौका मिलने पर छात्रों में खासा उत्साह नजर आया। छात्रों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और खिलाड़ियों से उनके क्रिकेट करियर, लीग के अनुभव तथा मैदान से जुड़े कई सवाल पूछे।

CSK के ड्रेसिंग रूम में धोनी से पहली मुलाकात यादगार

बीबीडी यूनिवर्सिटी में संवाद के दौरान प्रशांत वीर ने आईपीएल के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के ड्रेसिंग रूम में जाने और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी से पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार सीएसके के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो उनके सामने धोनी मौजूद थे। प्रशांत ने धोनी से हाथ मिलाया और हाथ जोड़कर नमस्ते किया, लेकिन इसके बाद ज्यादा बातचीत नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि इतने बड़े खिलाड़ी के सामने होने के कारण वह स्वाभाविक रूप से थोड़ा नर्वस थे और इसलिए चुपचाप वहां से अलग हट गए। अमेठी के रहने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिन गेंदबाज प्रशांत वीर दिसंबर 2025 में हुए आईपीएल मिनी ऑक्शन में उस समय सुर्खियों में आए, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इस कीमत के साथ वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ियों में शामिल हुए। प्रशांत ने यूपी टी-20 लीग से जुड़ी अपनी एक यादगार पारी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पहले सीजन में काशी रुद्रास के खिलाफ मुकाबले में आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई थी। उन्होंने इस पल को अपने क्रिकेट करियर के सबसे यादगार लम्हों में से एक बताया। प्रशांत शुरुआत से ही नोएडा किंग्स टीम का हिस्सा रहे हैं।

टैटू के जरिए खास संदेशों को हमेशा याद रखना चाहते हैं माधव

नोएडा किंग्स के माधव कौशिक ने छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए अपने टैटू को लेकर भी दिलचस्प जानकारी साझा की। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने टैटू क्यों बनवाए हैं, तो माधव ने बताया कि उनके शरीर पर बने प्रत्येक टैटू के पीछे कोई न कोई खास संदेश या भावना जुड़ी हुई है। उनका कहना था कि वह इन संदेशों को हमेशा अपने साथ रखना और समय-समय पर उन्हें याद करना चाहते हैं। इसी वजह से उन्होंने शरीर पर ऐसे टैटू बनवाए, जिन्हें देखकर उन्हें उन संदेशों की याद आती रहे। टैटू बनवाने के दौरान होने वाले दर्द के सवाल पर माधव ने कहा कि हड्डी के आसपास के हिस्से में दर्द कुछ ज्यादा महसूस होता है। हालांकि, वह ईयरफोन लगाकर संगीत सुनते हैं, जिससे उनका ध्यान दर्द से हट जाता है। क्रिकेट के साथ-साथ यूपी टी-20 लीग में अपने सफर को याद करते हुए माधव ने बताया कि दूसरे सीजन में मेरठ की टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने फाइनल में 69 रन की नाबाद पारी खेली थी। उनकी इस पारी ने टीम को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस पारी को अपने क्रिकेट करियर के खास पलों में शामिल बताया और छात्रों को भी लगातार मेहनत करते रहने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी।

सचिन आनंद शुक्ला का संदेश—‘चक दे यूपी’, छात्रों में दिखा उत्साह

ट्रॉफी टूर के दौरान यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने भी छात्रों से संवाद किया। उनसे जब पूछा गया कि यदि वह यूपी टी-20 लीग के फाइनल से पहले ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को मोटिवेट कर रहे होते तो उनका संदेश क्या होता, तो उन्होंने शाहरुख खान की चर्चित फिल्म ‘चक दे इंडिया’ की तर्ज पर खिलाड़ियों को ‘चक दे यूपी’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों लगी रहती हैं, लेकिन खिलाड़ियों का लक्ष्य मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिणाम की चिंता किए बिना पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ मुकाबले में उतरना जरूरी है। इसी क्रम में उन्होंने कहा, “हार के जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं।” ट्रॉफी को अपने बीच देखकर छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। छात्रों ने ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाने के साथ खिलाड़ियों से क्रिकेट की तकनीक, उनके संघर्ष, आईपीएल और यूपी टी-20 लीग के अनुभवों से जुड़े सवाल पूछे। ट्रॉफी टूर ने छात्रों को न सिर्फ लीग की चमकती ट्रॉफी को करीब से देखने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें उन खिलाड़ियों से सीधे बातचीत करने का मौका भी मिला, जो घरेलू क्रिकेट से निकलकर बड़े मंच तक पहुंचे हैं। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के आगाज से पहले यह अभियान युवाओं के बीच क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ाने और उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *