तालकटोरा की पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू, पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों से बढ़ा था धमाके का खतरा, कोई जनहानि नहीं


लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईगल पेंट फैक्ट्री में शनिवार रात करीब 10:32 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री के अंदर पेट्रोल, केरोसिन और पेंट के बड़ी मात्रा में कंटेनर रखे होने के कारण आग के दौरान धमाके का गंभीर खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही आलमबाग, सरोजनी नगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से कुल आठ फायर टैंकर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। आग की लपटों और घने धुएं के बीच राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। फायर अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आग को फैलने से रोकने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के चलते दमकल कर्मियों ने बेहद सावधानी के साथ मोर्चा संभाला।

अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट (Breathing Apparatus) पहनकर जान जोखिम में डालते हुए धुएं से पूरी तरह भरे बेसमेंट में प्रवेश किया और अंदर से आग बुझाने का अभियान चलाया। वहीं, फैक्ट्री की छत से फोम और पानी की लगातार बौछारें की गईं, जिससे आग की तीव्रता को कम किया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर दमकल की टीमों ने करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल सका है और संबंधित विभाग द्वारा इसकी जांच की जा रही है। घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण और अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन की जरूरत को रेखांकित किया है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *