अभिषेक-करन की साझेदारी ने दिलाई शानदार जीत
कप्तान समीर रिजवी की नाबाद 71 रन की शानदार पारी के बावजूद कानपुर सुपरस्टार्स को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के चौथे मुकाबले में गत चैंपियन काशी रुद्रास के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में काशी रुद्रास ने 18.1 ओवर में दो विकेट खोकर 167 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। काशी के लिए अभिषेक गोस्वामी ने नाबाद 76 और कप्तान करन शर्मा ने 67 रन की शानदार पारियां खेलीं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 84 गेंदों पर 135 रन की मैच जिताऊ साझेदारी की। अभिषेक को उनकी बेहतरीन पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रिजवी की पारी के बाद भी नहीं बचा कानपुर

टॉस जीतकर काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में दबाव बनाया, लेकिन कप्तान समीर रिजवी ने मोर्चा संभालते हुए 47 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए। आदर्श सिंह ने 22 और प्रियांशु पांडेय ने 26 रन का योगदान दिया। अंतिम ओवरों में कानपुर ने तेजी से रन बटोरे और 163 रन तक पहुंचा। लक्ष्य का पीछा करते हुए काशी को तीसरे ओवर में उवैश अहमद के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद अभिषेक गोस्वामी और करन शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को पूरी तरह काशी के पक्ष में कर दिया। अभिषेक ने 52 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए, जबकि करन ने 44 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए। उपेंद्र यादव ने अंत में सात गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
सुहास एलवाई ने किया मैच का शुभारंभ, अभिषेक ने बताया जीत का मंत्र

मैच की शुरुआत खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एलवाई (आईएएस) ने टॉस कराने और पारंपरिक अंदाज में घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और सदस्य संजीव कुमार सिंह मौजूद रहे। सुहास एलवाई ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। डॉ. संजय कपूर ने भी लीग को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का महत्वपूर्ण मंच बताया। वहीं मैन ऑफ द मैच अभिषेक गोस्वामी ने कहा कि वह बल्लेबाजी के दौरान एक समय में एक गेंद पर ध्यान देते हैं और कोई तय योजना बनाकर नहीं उतरते। उन्होंने करन शर्मा के साथ अपनी साझेदारी को लेकर कहा कि दोनों बचपन से साथ खेल रहे हैं, इसलिए एक-दूसरे की बल्लेबाजी को अच्छी तरह समझते हैं। अभिषेक के मुताबिक शुरुआत में पिच पर बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल थी, लेकिन क्रीज पर जमने के बाद रन बनाना आसान हो गया।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

