चिकारा की विस्फोटक पारी से मेरठ ने बनाया सीजन का सबसे बड़ा स्कोर
लखनऊ : यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पांचवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गौर गोरखपुर लायंस को 36 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 206 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा। सलामी बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा ने 45 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे। चिकारा ने ऋतुराज शर्मा के साथ 86 रन की साझेदारी कर मेरठ को तेज शुरुआत दिलाई। ऋतुराज ने 30 गेंदों पर 44 रन बनाए। चिकारा ने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद अक्षय दुबे के साथ 62 रन जोड़े। बाद के ओवरों में कप्तान रिंकू सिंह ने 25 और दिव्यांश राजपूत ने 13 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
चिकारा ने पूरे किए 100 छक्के, हासिल की खास उपलब्धि

इस मुकाबले में स्वास्तिक चिकारा ने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के पूरे कर एक खास उपलब्धि हासिल की। मैच से पहले उनके नाम 97 छक्के थे और पारी में तीसरा छक्का लगाते ही उन्होंने छक्कों का शतक पूरा कर लिया। पारी के अंत तक चिकारा के नाम लीग में 101 छक्के हो गए हैं। वह यूपी टी-20 लीग में 100 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी यह कारनामा कर चुके हैं। समीर रिजवी ने रविवार को अपने 35वें मुकाबले में 106 छक्के पूरे किए थे। मेरठ ने इस मैच में कई और रिकॉर्ड अपने नाम किए। वह इस सीजन में टॉस हारने के बावजूद जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनी और पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल करने वाली भी पहली टीम रही। वहीं 206 रन का स्कोर सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
त्यागी की रफ्तार के आगे गोरखपुर की बल्लेबाजी ढेर

207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौर गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 10 ओवर में पांच विकेट खोकर सिर्फ 56 रन बनाए। सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों पर 40 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 12वें ओवर में जीशान अंसारी के खिलाफ 19 रन बटोरे और निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी की, लेकिन 15वें ओवर में जीशान ने सिद्धार्थ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद 18वें ओवर में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के लगाकर मुकाबले में रोमांच पैदा किया। हालांकि अगले ही ओवर में मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 143 किमी/घंटा की रफ्तार वाली शानदार यॉर्कर पर निशांत ठाकुर को बोल्ड कर दिया। त्यागी ने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उन्होंने 149 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी बनाया। गोरखपुर की टीम नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।
यादगार अंदाज में मिली मेरठ को जीत, 17 अगस्त को नोएडा-लखनऊ भिड़ंत


मेरठ मावेरिक्स की जीत का अंत भी बेहद रोमांचक रहा। अंतिम गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर टीम की 36 रन की जीत पर मुहर लगा दी। मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश में क्रिकेट को लेकर बढ़ता उत्साह और युवा प्रतिभाएं गौरव की बात हैं। वहीं डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के प्रति दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और इसका उद्देश्य प्रदेश के क्रिकेटरों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।
अब लीग में अगले मुकाबले में नोएडा किंग्स का सामना लखनऊ फाल्कन्स से होगा। यह मैच 17 अगस्त को शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
आज क मैच की तस्वीरें

About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

