
मौसम की चुनौती के बीच इकाना में हुआ रोमांचक फाइनल
लखनऊ। आसमान में घने बादल, बदलता मौसम और बारिश की लगातार आशंका के बीच यूपी टी-20 लीग के फाइनल को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में कराने की चुनौती आसान नहीं थी। इसके बावजूद यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने फाइनल मुकाबला लखनऊ में ही कराने का संकल्प नहीं छोड़ा। मैदान की तैयारियों से लेकर व्यवस्थाओं तक वह लगातार जायजा लेते रहे। उनकी कोशिश थी कि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिले और दर्शकों को खिताबी मुकाबले का पूरा रोमांच देखने को मिले। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और फाइनल मुकाबला सफलतापूर्वक पूरा हुआ। खास बात यह रही कि जैसे ही मैच समाप्त हुआ, बारिश ने मैदान पर दस्तक दे दी। ऐसा लगा मानो आसमान भी सफल आयोजन का गवाह बनने के बाद ही बरसा हो। इस पूरे सत्र में मौसम ने कई बार आयोजकों की परीक्षा ली। लीग की शुरुआत लखनऊ से हुई और मुकाबले कानपुर पहुंचे, लेकिन लगातार बारिश के कारण कई मैचों को दोबारा इकाना स्टेडियम में लाना पड़ा। इन परिस्थितियों में आयोजन को पटरी पर बनाए रखना बड़ी चुनौती थी।
आईपीएल के बाद बड़ी घरेलू लीग बनाने का विजन

यूपी टी-20 लीग को एक व्यवस्थित और लोकप्रिय घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में स्थापित करने में डॉ. संजय कपूर की भूमिका अहम रही। उनका विजन लीग को केवल छह टीमों के बीच होने वाली टी-20 प्रतियोगिता तक सीमित रखना नहीं, बल्कि इसे आईपीएल के बाद देश की प्रमुख घरेलू लीगों में शामिल करना है। सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि लीग के जरिए उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिल रहा है। इस सीजन में भी युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया कि प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच, बेहतर सुविधाएं और लगातार अवसर देने की है। डॉ. कपूर इसी सोच के साथ लीग को आगे बढ़ाने पर जोर देते रहे हैं। मौसम की मुश्किलों के बावजूद मैचों को पूरा कराने की प्रतिबद्धता ने आयोजन टीम के सामने मौजूद चुनौतियों को भी रेखांकित किया। फाइनल के दिन वह लगातार मैदान और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखते रहे, ताकि किसी भी स्थिति में मुकाबले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
मीडिया से लेकर ग्राउंड स्टाफ तक, हर सहयोगी का जताया आभार
लीग की सफलता में खिलाड़ियों और आयोजकों के साथ-साथ मीडिया, ग्राउंड स्टाफ और पर्दे के पीछे काम करने वाली पूरी टीम की भूमिका को भी डॉ. संजय कपूर ने विशेष महत्व दिया। यूपीसीए की टीम और मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम के साथ मिलकर उन्होंने पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सुविधाओं का लगातार ध्यान रखा। फाइनल के बाद जब डॉ. कपूर मीडिया सेंटर पहुंचे तो उन्होंने वहां मौजूद पत्रकारों के सामने हाथ जोड़कर सभी का धन्यवाद किया। उनका यह सहज अंदाज वहां मौजूद मीडिया कर्मियों को खासा पसंद आया। एक पत्रकार ने कहा कि उन्हें देखकर पहली बार महसूस हुआ कि किसी क्रिकेट लीग का चेयरमैन भी इतना सहज और जमीन से जुड़ा हो सकता है। दूसरे पत्रकार ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब तो संजय कपूर को आईपीएल का चेयरमैन होना चाहिए। इस पर मीडिया सेंटर में ठहाके गूंज उठे। डॉ. कपूर ने मोहम्मद फहीम, अहमद अली खान उर्फ तालिब, श्रेयश, नोवोटेल टीम सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने लगातार बारिश के बीच पिच और मैदान को खेलने लायक बनाए रखने वाले ग्राउंड स्टाफ को भी विशेष धन्यवाद दिया। इकाना में फाइनल के साथ यूपी टी-20 का यह सफर भले समाप्त हुआ, लेकिन इसने उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़े मंच तक पहुंचाने की नई उम्मीद जरूर कायम की।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
