Chauri Chaura Express Derail: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए, जिससे रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है, और राहत कार्य जारी है।

कानपुर सेंट्रल से रवाना होते ही पटरी से उतरे चार कोच
Chauri Chaura Express Derail / कानपुर: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम गोरखपुर जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन संख्या 15003 प्लेटफॉर्म नंबर सात से शाम 5:03 बजे रवाना हुई थी। स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे बढ़ने के बाद ही इसके चार एसी कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे के दौरान चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। इन चारों कोच में कुल 298 यात्री सवार थे, जिनमें 107 यात्री अनवरगंज स्टेशन से और 191 यात्री कानपुर सेंट्रल से ट्रेन में चढ़े थे। घटना के तुरंत बाद रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डिप्टी सीटीएम अकांशु गोविल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित कोच से नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हालांकि, अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और स्टेशन पर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही।

तीन घंटे तक परेशान रहे यात्री, हंगामे के बाद चलाई गई स्पेशल ट्रेन
Chauri Chaura Express Derail: : हादसे के बाद चौरीचौरा एक्सप्रेस में सवार यात्रियों को करीब तीन घंटे तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन के अचानक रुकने और आगे की यात्रा को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। कई यात्रियों ने अपनी सीट और आगे की यात्रा की व्यवस्था को लेकर रेलवे अधिकारियों के सामने हंगामा किया। यात्रियों का कहना था कि उन्हें जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में रेलवे प्रशासन की ओर से प्रभावित यात्रियों के लिए अलग से स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रात करीब नौ बजे गोरखपुर तक के लिए 10 कोच की स्पेशल ट्रेन रवाना की गई। इसमें प्रभावित एसी कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 के यात्रियों के साथ छह सामान्य और स्लीपर कोच भी लगाए गए। इसके अलावा यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने अल्पाहार की व्यवस्था भी की। अधिकारियों के मुताबिक, जिन यात्रियों को एसी कोच की जगह स्लीपर कोच में सफर करना पड़ा, उन्हें किराये का अतिरिक्त अंतर वापस किया जाएगा।

उच्चस्तरीय जांच के आदेश, दो से तीन दिन में सौंपी जाएगी रिपोर्ट
चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने की घटना के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज से उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी कानपुर पहुंचे। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए विभिन्न तकनीकी और परिचालन विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित की जाएगी। जांच टीम दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी और अपनी रिपोर्ट दो से तीन दिन के भीतर सौंपेगी। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, तकनीकी विभाग से जुड़े कुछ कर्मचारियों ने ट्रैक के रखरखाव और ट्रेन रवाना होने से पहले उसकी जांच को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नियमानुसार ट्रेन के संचालन से पहले ट्रैक की जांच की जानी चाहिए। हालांकि, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, ट्रैक में गड़बड़ी या किसी अन्य कारण से हुआ। रेलवे ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

वंदे भारत समेत 12 से अधिक ट्रेनें प्रभावित, भरथना में 30 मिनट रुकी रही गाड़ी
कानपुर सेंट्रल पर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतरने का असर दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर भी देखने को मिला। हादसे के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ और इस रूट से गुजरने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 12 से अधिक ट्रेनें देरी से रवाना हो सकीं। रेल यातायात का दबाव बढ़ने के कारण कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इसी क्रम में नई दिल्ली से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जिले के भरथना रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक रोका गया। ट्रेन संख्या 22416 डाउन बुधवार शाम 6:27 बजे भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर डाउन लाइन में पहुंची, जहां उसे आगे की अनुमति मिलने तक खड़ा रखा गया। इस वजह से वंदे भारत के यात्रियों को भी अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित रेल यातायात को सामान्य करने के लिए परिचालन व्यवस्था में बदलाव किए। चौरीचौरा एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त कोचों को अलग करने और ट्रैक को सुरक्षित करने के बाद रेल संचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे अधिकारियों के सामने फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ प्रभावित यात्रियों को राहत देने और रेल यातायात को सामान्य बनाए रखने की चुनौती रही।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
