अयोध्या: घर में हुए विस्फोट से गिरा मकान, पांच लोगों की मौत, कई बच्चे घायल.. भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद


Blast in Ayodhya: अयोध्या में एक धमाके से मकान गिर गया है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि हादसे की वजह पटाखा है या गैस सिलेंडर। मौके पर ATS मौजूद।

तेज धमाके के साथ वृहस्पतिवार रात 7.30 बजे मकान गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन बच्चे और दो युवक शामिल हैं। मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस और प्रशासन की ओर से बचाव कार्य जारी है। पटाखा और रसोई गैस सिलिंडर से धमाके की आशंका जताते हुए पुलिस जांच में जुटी है।

नगर पंचायत भदरसा-भरतकुंड के महाराणा प्रताप वार्ड के पगलाभारी गांव में बृहस्पतिवार शाम 7.30 बजे के करीब धमाके की आवाज के साथ एक मकान गिर गया। रामकुमार गुप्त उर्फ पारसनाथ गांव के बाहर मकान बनवाकर रहते थे। उनके मकान में चक्की का भी संचालन होता था। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू करते हुए मलबे में दबे पांच लोगों को निकालकर जिला अस्पताल भेजवाया। इनमें गृह स्वामी रामकुमार, उनकी बेटी ईशा व पुत्र यश के साथ दो अन्य शामिल है। जिला अस्पताल लाए गए लोगों में से चार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि एक बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ा। डॉक्टरों ने पांच मौतों की पुष्टि की है। सभी मृतकों को शवगृह में रखवा दिया गया है।

इनकी हुई मौत

मृतकों में राम कुमार गुप्त पुत्र गुरु प्रसाद, ईशा पुत्री राम कुमार गुप्त (10), लव पुत्र राम कुमार गुप्त (7), यश पुत्र रामकुमार गुप्त (5) और राम सजीवन निवासी जीवपुर शामिल हैं।

सीएम योगी ने दिए निर्देश

अयोध्या में गुरुवार शाम हुए एक विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई। शासन के अनुसार अभी तक जो जानकारी आई है उससे यह लग रहा है कि यह सिलेंडर फटने की घटना है। इस घटना के बाद प्रदेश में उच्च स्तरीय बैठक शुरू हो गई है। सीएम योगी ने सतत निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद अयोध्या के जिलाधिकारी और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। सभी शवों को बाहर निकाल लिया गया है।

पटाखे या सिलेंडर से धमाके की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार पटाखे या सिलेंडर ब्लास्ट से हादसा होने की आशंका है। घटनास्थल पर ईंधन गैस की बदबू भी आ रही है। मौके से फटा हुआ कुकर और सिलिंडर भी बरामद हुआ है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। कुछ और लोगों के मकान के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते डॉग और बम स्क्वाॅयड के साथ देर रात तक जेसीबी की मदद से रेस्क्यू का काम जारी है।

 

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *