Lucknow – काकोरी में खून से सनी महिला की लाश मिलने से सनसनी हाथ बंधे मिले शव, हत्या या दुष्कर्म के बाद मर्डर की आशंका


लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में एक महिला की खून से सनी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव मदारपुर-पुरैना मार्ग पर सड़क किनारे मिला, जहां सुबह टहलने और आने-जाने वाले राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला के हाथ बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शरीर पर कई जगह नीले दाग भी देखे गए हैं, जो किसी प्रकार की हिंसा की ओर इशारा करते हैं।

मृतका नाइट वियर में मिली है और उसकी उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आसपास के गांव के लोगों से उसकी पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने भी उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने मामले की जांच की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चल सके। साथ ही उन्नाव समेत आसपास के थानों में भी महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें इस मामले में सक्रिय हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *