ICC ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को सस्पेंड किया:सरकार की दखलअंदाजी के कारण लिया फैसला; टीम वर्ल्ड कप 2023 में 2 ही मैच जीत सकी


श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सस्पेंड कर दिया है। ICC ने बोर्ड में सरकार की दखलअंदाजी के बाद उनकी सदस्यता को तत्काल प्रभाव से छीन लिया है। भारत में जारी वनडे वर्ल्ड कप में श्रीलंका का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम 9 में से 2 ही मुकाबले जीत सकी।

ऑनलाइन मीटिंग कर लिया फैसला
ICC की क्वार्टरली मीटिंग 18 से 21 नवंबर के बीच वर्ल्ड कप के दौरान अहमदाबाद में होगी। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को देश की सरकार ने पिछले दिनों पूरी तरह भंग कर दिया था। जिसे देखते हुए ICC के अधिकारियों ने ऑनलाइन मीटिंग की और बोर्ड को सस्पेंड कर दिया।

ICC ने बताया कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में सरकार की बहुत ज्यादा दखलअंदाजी हो रही थी। किसी भी ICC मेंबर के काम में सरकार का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। लेकिन पिछले कुछ दिनों से श्रीलंका बोर्ड खुलकर काम नहीं कर पाया, जिसे देखते हुए बोर्ड को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जा रहा है।

वर्ल्ड कप में श्रीलंका को 9 नवंबर को अपने आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से हार मिली।
वर्ल्ड कप में श्रीलंका को 9 नवंबर को अपने आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से हार मिली।

मीटिंग में होगा टीम के खेलने पर फैसला
ICC की 18 से 21 नवंबर को होने वाली मीटिंग में फैसला होगा कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ आगे क्या किया जाए। हालांकि सस्पेंशन के बाद श्रीलंका क्रिकेट पर फिलहाल कुछ असर होता नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि टीम दिसंबर तक कोई इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेगी और जनवरी तक बोर्ड को कोई फंड भी ट्रांसफर नहीं होना है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप की मेजबानी छिनी जा सकती है
SLC के सस्पेंशन के बाद खिलाड़ियों पर शायद ही कोई असर पड़े लेकिन ICC श्रीलंका बोर्ड के रेवेन्यू को रोक सकता है। साथ ही उनसे अगले ICC इवेंट की मेजबानी भी छीन सकता है। अगले साल जनवरी-फरवरी के दौरान श्रीलंका में मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप होना है। अगर ICC में बोर्ड की सदस्यता कायम नहीं रही तो इस टूर्नामेंट की मेजबानी भी उनसे छिन सकती है।

वर्ल्ड कप के दौरान ही भंग हुआ था बोर्ड
वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका के खेल मंत्रालय ने सोमवार, 6 नवंबर को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) को बर्खास्त कर दिया था। श्रीलंका क्रिकेट के लिए एक अंतरिम बोर्ड का गठन भी किया गया। खेल मंत्री रोशन रणसिंघे के कार्यालय ने एक बयान में कहा था, ‘देश के 1996 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा को नए अंतरिम बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।’

हालांकि श्रीलंका की कोर्ट ने बोर्ड को भंग करने के फैसले पर अगले ही 14 दिन की रोक लगा दी। बोर्ड में सरकार की इस हस्तक्षेप के बाद SLC प्रेसिडेंट शम्मी सिल्वा ने ICC से मदद मांगी। ICC ने तत्काल ऑनलाइन मीटिंग और बोर्ड की सदस्यता ही सस्पेंड कर दी।

बोर्ड पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगे थे
भारत से मिली हार के बाद खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने शुक्रवार को अपने एक बयान में श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को देशद्रोही और भ्रष्ट कहा था। उन्होंने बोर्ड के सदस्यों से इस्तीफा भी मांगा था। जिसके बाद श्रीलंका क्रिकेट के सचिव मोहन डी सिल्वा ने शनिवार, 4 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

भारत से मिली 302 रन से हार के बाद बोर्ड था नाराज
वर्ल्ड कप में 2 नवंबर को खेले गए मैच में श्रीलंका को भारत ने 302 रन से हराया था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 357 रन बनाए। 358 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम 55 रन ही बना सकी। श्रीलंका की आधी टीम महज 14 बनाकर आउट हो गई थी। टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल रहा और टीम 302 रन से हार गई। भारत से हार के बाद श्रीलंका बोर्ड ने टीम के खराब प्रदर्शन पर चिंता जाहिर की थी। इस मुकाबले के बाद टीम को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड ने भी हरा दिया।

वर्ल्ड कप में 2 ही मैच जीत सका श्रीलंका
एशिया कप में रनर अप रहने के बाद श्रीलंका टीम वनडे वर्ल्ड कप खेलने उतरी लेकिन उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम को 9 में से 2 ही मुकाबलों में ही जीत मिल सकी। टीम इंग्लैंड और नीदरलैंड को ही हरा पाई। उन्हें बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान जैसी बाकी एशियन टीमों के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा। 10 टीमों के पॉइंट्स टेबल में श्रीलंका फिलहाल 9वें नंबर पर है और टूर्नामेंट में उसके सभी मैच खत्म हो चुके हैं।

 

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *