देहरादून में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मची है। कुछ मजदूरों के बहने की सूचना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। 21 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।

भारी बारिश से देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ पुल की एप्रोच रोड बही
भारी बारिश के कारण लालतप्पड़ क्षेत्र में भी काफी नुकसान हुआ है। थानों और भोगपुर की पहाड़ियों में हुईं भारी बारिश के कारण जाखन नदी में उफान आ गया। जिससे बड़कोट और थानों वन रेंज से दर्जनों बड़े पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ जाखन पुल के नीचे फंस गए। जिससे बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा। दर्जनों लोगों के घरों में भी घुस गया। वहीं कई खेत भारी कीचड़ से भर गए। पुल के पास स्थित देवी के मन्दिर परिसर में कीचड़ भर गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के ट्रैफिक को रुकवाया।
पुलिस और प्रशासन ने की अपील
बारिश के बाद उपजे हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के समय यात्रा न करने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने के लिए कहा गया। झुग्गियों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने के अपील की गई।
पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम धामी से ली आपदा की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में आई आपदा की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार आपदा की इस घड़ी में राज्य के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य में राहत कार्य और तेज़ी से संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तत्परता से सक्रिय है और बचाव एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी देहरादून जनपद के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं । इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ उपस्थित हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित परिवार को असुविधा न हो और राहत सामग्री, सुरक्षित ठहराव, भोजन, पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं। कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय हैं।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
