एसबीआई कप लखनऊ मीडिया प्रीमियर लीग (एलएमपीएल) 2025 का आगाज़ रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मैच में कप्तान मयूर शुक्ला के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन (4 विकेट, 49 रन) की बदौलत इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश ने हिंदुस्तान टाइम्स को 6 विकेट से पराजित कर विजयी शुरुआत की। लखनऊ स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एलएसजेए) के तत्वावधान में आयोजित लीग के दूसरे मुकाबले में एलएसजेए एकादश ने मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश को 75 रन से मात दी।

लीग का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष पीयूष सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इससे पूर्व एलएसजेए के सचिव एसएम अरशद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
पहला मुकाबला: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश बनाम हिंदुस्तान टाइम्स
पहले बल्लेबाजी करते हुए हिंदुस्तान टाइम्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 123 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज अंशुल कुमार ने 37 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि जुहैब और दीपक गुप्ता ने 18-18 रन जोड़े। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश की ओर से कप्तान मयूर शुक्ला ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एकादश ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 125 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की शुरुआत लड़खड़ाई और 26 रन पर दो विकेट गिर गए, लेकिन मयूर शुक्ला ने 48 गेंदों में 49 रन की संयमित पारी खेलते हुए टीम को संभाला। असीम तल्हा ने 34 रन का अहम योगदान दिया। हिंदुस्तान टाइम्स की ओर से अमित श्रीवास्तव ने 2 विकेट लिए।
मैच के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहसिन रजा तथा ‘आज’ समाचार पत्र के संपादक हरिंदर सिंह साहनी ने मयूर शुक्ला को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।
दूसरा मुकाबला: एलएसजेए एकादश बनाम मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश
दूसरे मैच में एलएसजेए एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 118 रन बनाए। टीम की ओर से विमल पाण्डेय (23), हिमांशु दीक्षित (16), एसएम अरशद (14), नदीम सिद्दीकी (13) और विक्रम श्रीवास्तव (12) ने उपयोगी योगदान दिया। मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की ओर से दिनेश त्रिपाठी ने 4 और अंकित भारती ने 3 विकेट लिए।
जवाब में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की टीम एलएसजेए गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 10.4 ओवर में 43 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज विद्या सागर ने 12 रन बनाकर संघर्ष किया। एलएसजेए एकादश की ओर से नदीम खान ने 4 विकेट झटके, जबकि शोएब गाजी ने 2 विकेट लिए।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पाण्डेय और एलएसजेए के संस्थापक सदस्य दिव्य नौटियाल ने नदीम खान को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया।
प्रायोजक और सहयोगी
लीग का मुख्य प्रायोजक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और योनो एसबीआई है। सह-आयोजक के रूप में कैवेल्य कम्युनिकेशंस का सहयोग प्राप्त है। सह-प्रायोजकों में ओमैक्स, शुद्ध दूध, इकाना स्पोर्ट्स सिटी, आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स, क्वैड स्पोर्ट्स, भारत एक्सप्रेस, राधे गारमेंट्स, जेड स्टार फर्नीचर्स, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ, पूर्वांचल क्रिकेट एसोसिएशन, इंसोलॉक्स, उत्तर प्रदेश अंडर वाटर एवं फिन स्वीमिंग एसोसिएशन, दिव्य न्यूज नेटवर्क और राज गार्डन मैरिज हॉल शामिल हैं।