आईपीएल के एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को छह विकेट से हरा दिया. इस हार के साथ ही आरसीबी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है. आरसीबी की हार ने मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचा दिया है.
Image Source : IPL (Twitter)
आरसीबी का आईपीएल खिताब जीतने का सपना एक बार फिर चकनाचूर हो गया. 21 मई (रविवार) को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मैच में आरसीबी को गुजरात टाइटन्स ने छह विकेट से मात दे दी. गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 198 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने पांच गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
आरसीबी की हार के साथ ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है. गुजरात टाइटन्स की जीत के हीरो ओपनर शुभमन गिल रहे जिन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 104 रनों की पारी खेली. इस दौरान गिल ने पांच चौके और आठ छक्के लगाए. गिल की इस यादगार पारी ने विराट कोहली की मेहनत पर पानी फेर दिया. कोहली ने आरसीबी के लिए नाबाद 101 रन बनाए थे.
आखिरी लीग मैच के साथ ही आईपीएल 2023 में प्लेऑफ की तस्वीर भी साफ हो गई है. 20 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल करने वाली गुजरात टाइटन्स और दूसरे पोजीशन की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 23 मई को पहला क्वालिफायर मैच खेला जाएगा.
जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस 24 मई को एलिमिनेटर मुकाबला खेलेंगी. ये दोनों मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे.
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.