कानपुर में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, 2 की मौत, 6 से ज्यादा घायल, 20 गाड़ियां दबी, देखें कहर की तस्वीरें


कानपुर। कानपुर में शनिवार को मौसम ने अचानक बदले हुए मौसम ने कहर बरपाया। तेज आंधी, बारिश व ओलावृष्टि ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। कुछ ही देर में हालात ऐसे बिगड़े कि जगह-जगह पेड़ गिर गए, सड़कें जाम हो गईं और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। तेज हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई इलाकों में पुराने और बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। दो लोगों की मौत हो गई, छह से ज्यादा घायल हो गए। वहीं मौसम विभाग की ओर से अभी भी तीन घंटे का अलर्ट जारी किया गया है।

काकादेव में पेड़ गिरने से आटो में दब गई महिला और चालक, दोनों की मौत

काकादेव में आंधी की वजह से एक पेड़ आटो पर गिर गया। आटो सवार महिला और चालक की दबने से मौत हो गई। जब तक राहगीर उन्हें बचाने को दौड़े तो उनकी मौत हो चुकी थी। महिला जमुना देवी कुलवंती अस्पताल में दिखाकर वापस जा रही थी। जबकि चालक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

कल्याणपुर में हादसा, तीन लोग घायल

कल्याणपुर के इंदिरा नगर रोड पर तेज हवाओं के झोंकों के कारण एक पेड़ अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक स्कूटी पूरी तरह दब गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

थाना परिसर भी नहीं बचा, काकादेव में नुकसान

तेज आंधी का असर काकादेव थाना परिसर में भी देखने को मिला। थाने के अंदर लगा पेड़ और एक टावर तेज हवाओं के कारण गिर गया। इस घटना में कई गाड़ियां पेड़ों के नीचे दब गईं और परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रिहायशी इलाकों में दहशत, मकान और गाड़ियां क्षतिग्रस्त

गोविंद नगर एफ ब्लाक, कृष्णा पार्क और जूही सफेद कॉलोनी जैसे रिहायशी इलाकों में आंधी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। जूही सफेद कालोनी में दो बड़े पेड़ एक ही सड़क पर गिर गए। एक विशाल बरगद का पेड़ मोहम्मद नफीस के मकान पर गिर गया, जबकि दूसरा पेड़ ज़ीशान नामक व्यक्ति की नई कार पर गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान और कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही थाना किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद

शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम का कहर देखने को मिला। घाटमपुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों में करीब 20 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। इससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। गिरे हुए पेड़ों को हटाने और यातायात बहाल करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।


कहां-कहां हुआ नुकसान

  • काकादेव थाने में पेड़ और टावर गिरा
  • फजलगंज चौराहे पर कई पेड़ धराशायी
  • श्रमायुक्त कार्यालय के सामने पेड़ व बिजली पोल गिरा
  • कर्नलगंज ऊंची सड़क और शास्त्री नगर में रास्ते बंद
  • गोविंद नगर और जूही सफेद कालोनी में गाड़ियां दबी

ग्रामीण इलाकों में भी असर

  • घाटमपुर क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि
  • गेहूं की फसल को भारी नुकसान
  • किसानों की बढ़ी चिंता

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *