IND vs SL Highlights: भारत ने विश्व कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह, श्रीलंका को 302 रन से हराया


Image Credit : BCCI
Image Credit : BCCI

विश्व कप 2023 के 33वें मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने लगातार सातवां मैच जीता और सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 357 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 55 रन पर सिमट गई।

भारत ने श्रीलंका को 302 रन से हरा दिया है। इस विश्व कप में टीम इंडिया अजेय बनी हुई है। भारत ने लगातार सातवां मैच जीतकर 14 अंक के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है। श्रीलंका के खिलाफ भारत ने एक बार फिर एकतरफा जीत हासिल की है। इससे पहले एशिया कप सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 50 रन पर आउट कर आसान जीत हासिल की थी।

इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट खोकर 357 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 92 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने पांच विकेट लिए। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम सिर्फ 55 रन बना पाई। सबसे ज्यादा 14 रन कसून रजिता ने बनाए। उनके अलावा महीश तीक्ष्णा और एंजेलो मैथ्यूज ने 12-12 रन बनाए। श्रीलंका के पांच बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर आउट हुए। वहीं, आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने पांच विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन और जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।

भारत की पारी
भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी। कप्तान रोहित शर्मा को पारी की दूसरी ही गेंद पर दिलशान मदुशंका ने क्लीन बोल्ड किया था। वह चार रन बना सके थे। इसके बाद विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को मदुशंका ने तोड़ा। उन्होंने शुभमन को नर्वस 90 में विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। शुभमन 92 गेंद में 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद विराट भी शतक से चूक गए। उन्हें मदुशंका ने निसांका के हाथों कैच कराया।

विराट ने 94 गेंद में 11 चौके की मदद से 88 रन की पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने 46 गेंद में 60 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। राहुल 19 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें दुष्मंथा चमीरा ने आउट किया। सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। वह नौ गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच श्रेयस ने वनडे करियर का 16वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंद में पचास रन पूरे किए। श्रेयस को मदुशंका ने पवेलियन भेजा। वह 56 गेंद में तीन चौके और छह छक्के की मदद से 82 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद शमी दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रवींद्र जडेजा 24 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 35 रन की पारी खेली। भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर जडेजा रन आउट हुए। श्रीलंका की ओर से मदुशंका ने पांच विकेच लिए, जबकि चमीरा को एक विकेट मिला।

श्रीलंकाई पारी
श्रीलंका की पारी कभी भी पटरी में नहीं थी। 358 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली गेंद में ही श्रीलंका ने पथुम निसांका को गंवा दिया। बुमराह ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। इसके बाद सिराज ने अगले ओवर में दिमुथ करुणारत्ने और सदीरा समरविक्रमा को भी आउट कर दिया। कप्तान मेंडिस भी एक रन बनाकर सिराज का शिकार बने। तीन रन पर चार विकेट गिरने के बाद मैथ्यूज और असलांका ने श्रीलंका को मैच में वापस लाने की कोशिश की। दोनों ने थोड़ी देर तक विकेटों का पतन रोका, लेकिन शमी के आते ही फिर विकेटों की झड़ी लग गई।

शमी ने अगले पांच विकेट अपने नाम किए और भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अंत में जडेजा ने मदुशंका को आउट कर श्रीलंका की पारी खत्म की।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *