लगभग 50 से अधिक कालेज ईडी के संदेह के घेरे में हैं। जिन्हें सूचीबद्ध किया गया है और उनके बारे में सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। छात्रवृत्ति की रकम हड़पने के लिए बड़ी संख्या में फर्जी बैंक खाते भी खोले गए हैं। जिनकी जांच भी चल रही है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। हाइजिया एजुकेशन ग्रुप के संचालकों समेत अन्य संदिग्धों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर ईडी ने कई और कालेज संचालकों को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सूत्रों के अनुसार उन्हें नोटिस देकर इसी सप्ताह बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। ईडी दूसरे चरण में सूचीबद्ध किए गए 20 और कालेजों के विरुद्ध अपनी जांच आरंभ करने जा रहा है। कालेज संचालकों से छात्रवृत्ति हड़पने के लिए किए गए फर्जी दाखिलों को लेकर भी पूछताछ होगी।
ईडी ने पहले चरण में 10 कालेजों की जांच की है। इनमें लखनऊ के हाइजिया एजुकेशनल ग्रुप के दो संचालकों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। हाइजिया के अलावा अन्य कालेजों के संचालकों व कर्मचारियोें की जांच भी लगातार चल रही है।
केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के तहत छात्रवृत्ति की रकम हड़पने के लिए फर्जी छात्र-छात्राओं को दर्शाकर उनके खातों में आई रकम को हड़पी गई है। ईडी ने उत्तर प्रदेश मेंं हुई जांच का ब्योरा दिल्ली मुख्यालय भी भेजा है।
बताया गया कि लगभग 50 से अधिक कालेज ईडी के संदेह के घेरे में हैं। जिन्हें सूचीबद्ध किया गया है और उनके बारे में सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। छात्रवृत्ति की रकम हड़पने के लिए बड़ी संख्या में फर्जी बैंक खाते भी खोले गए हैं। जिनकी जांच भी चल रही है।
ईडी दिल्ली व लखनऊ की टीमों ने 16 फरवरी को अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के घाेटाले को लेकर लखनऊ, हरदोई, फर्रुखाबाद व बाराबंकी समेत छह शहरों में स्थित शैक्षणिक व मेडिकल कालेजों के 22 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने हाइजिया समूह के संचालक इजहार हुसैन जाफरी व अली अब्बास की गिरफ्तारी के बाद तीसरे संचालक लकी जाफरी के बयान भी दर्ज किए हैं। लकी बार-बार अपनी बीमारी का हवाला देकर बचाव का रास्ता तलाश रहा है। ईडी उसके विरुद्ध भी जल्द शिकंजा कसेगा।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
