
लखनऊ के थाना मदेयगंज क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना 25 मार्च 2026 की रात करीब 11:28 बजे दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट गली में हुई थी, जहां शराब दुकानों का कलेक्शन लेकर जा रहे हर्ष जायसवाल से चार अज्ञात बदमाशों ने बैग लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना मदेयगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर के निर्देशन में मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 140-150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
31 मार्च 2026 की रात करीब 10:40 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रघुवंशी ढाल बंधा रोड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी भागने लगे और मोटरसाइकिल से गिरकर पैदल फरार होने की कोशिश करने लगे। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान आलोक तिवारी उर्फ मुस्कान (23 वर्ष) निवासी हरदोई के रूप में हुई, जबकि दूसरे आरोपी सुजीत सिंह उर्फ मगन (23 वर्ष) को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी से पूछताछ जारी है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में लूट की घटना कबूल कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल आरोपी के खिलाफ पहले से चार अन्य मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Photo & Video : Utkarsh Kumar
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
