रणजी ट्रॉफी में झारखंड ने उत्तर प्रदेश पर मजबूत पकड़ बना ली है। शरणदीप सिंह (139) और कुमार कुशाग्र (102) के शतकों की बदौलत झारखंड ने 561/6 पर पारी घोषित की। जवाब में, जतिन पांडे की घातक गेंदबाजी से उत्तर प्रदेश ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 32 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। यूपी अभी भी 529 रन पीछे है।

शरणदीप और कुशाग्र का शतकीय प्रहार
जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक उत्तर प्रदेश ने महज 32 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। मैच के दूसरे दिन झारखंड ने एक विकेट पर 279 रन से आगे खेलना शुरू किया।
पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज शरणदीप सिंह ने 286 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 139 रनों की मैराथन पारी खेली। वहीं, मध्यक्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 143 गेंदों में 102 रन जड़े, जिसमें 13 चौके शामिल थे।
रोबिन मिंज की आतिशी बल्लेबाजी
आर्यमन सेन ने भी 75 रनों का योगदान दिया। पारी के अंतिम सत्र में रोबिन मिंज ने टी-20 अंदाज में बल्लेबाजी कर यूपी के गेंदबाजों को पस्त कर दिया।
रोबिन ने केवल 66 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए। कप्तान विराट सिंह ने भी अर्धशतकीय (50) पारी खेली, जबकि अनुकूल रॉय ने 43 रन जोड़े।
जतिन पांडे की घातक गेंदबाजी ने चौंकाया
झारखंड ने 151.5 ओवर बल्लेबाजी कर पारी घोषित कर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया। पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की शुरुआत किसी दुःस्वप्न जैसी रही।
झारखंड के तेज गेंदबाज जतिन पांडे ने धारदार गेंदबाजी करते हुए माधव कौशिक (2) और आदित्य शर्मा (2) को सस्ते में पवेलियन भेज दिया। दूसरे छोर से साहिल राज ने कप्तान आर्यन जुयाल (4) का विकेट लेकर यूपी की कमर तोड़ दी।
दूसरे दिन के स्टंप्स तक उत्तर प्रदेश का स्कोर 3 विकेट पर 32 रन था। फिलहाल अभिषेक गोस्वामी (14*) और शिवम शर्मा (8*) क्रीज पर संघर्ष कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश अभी भी झारखंड से 529 रन पीछे है और टीम पर फॉलोऑन का खतरा साफ तौर पर मंडरा रहा है।
प्रशांत वीर हुए चोटिल, IPL चेन्नई की मुश्किलें बढ़ी, दाहिने कंधे में लगी चोट

चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑक्शन में उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब प्रशांत वीर ने चेन्नई की टेंशन बढ़ा दी है। रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान प्रशांत चोटिल हो गए हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में इन दिनों उत्तर प्रदेश का सामना झारखंड से हो रहा है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के पहले दिन प्रशांत वीर मिड-ऑफ पर तैनात थे। झारखंड के शिखर मोहन ने उनकी ओर एक शॉट लगाया, जिसे रोकने के प्रयास में प्रशांत ने अपने दाईं ओर डाइव लगाई। ऐसे में वह अपने दाहिने कंधे को चोटिल कर बैठे। प्रशांत के चोटिल होने के बाद तुरंत फिजियो मैदान पर आए और उनकी जांच की। इसके बाद उत्तर प्रदेश के प्लेयर को मैदान से बाहर ले जाया गया।
मैच का संक्षिप्त स्कोर कार्ड:
झारखंड (पहली पारी): 561/6 घोषित (शरणदीप सिंह 139, कुमार कुशाग्र 102, रोबिन मिंज 62*, विराट सिंह 50)
उत्तर प्रदेश (पहली पारी): 32/3 (जतिन पांडे 2/12, साहिल राज 1/14)
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
