मुंबई में लिव इन पार्टनर की हत्या कर शव के टुकड़े करने का अभियुक्त पुलिस की गिरफ़्त में


 

(इस ख़बर की कुछ जानकारियां आपको विचलित कर सकती हैं )

मुंबई से सटे मीरा भायंदर इलाके़ में हत्या का एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है.

यहाँ एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या की और फिर शव के टुकड़े कर दिए.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, महिला की लाश मीरा भयंदर इलाके़ में बुधवार रात बरामद की गई है.

पुलिस का कहना है कि बुधवार शाम को गीता-आकाशदीप सोसायटी के निवासियों ने एक फ़्लैट से बदबू आने की शिकायत की थी.

मौक़े पर जब पुलिस की टीम पहुँची, तो छानबीन में फ़्लैट से एक महिला का शव टुकड़ों में मिला.

डीसीपी जयंत बजबले ने पत्रकारों को बताया, ”मनोज साने और सरस्वती वैद्य पिछले तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे. अभी जाँच में पता चला है कि मनोज ने सरस्वती वैद्य की हत्या की और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े कर दिए. फ़िलहाल नयानगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.”

पुलिस अभी हत्या के पीछे की मंशा पता लगाने की कोशिश में जुटी है.

घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग की तरफ़ से भी बयान सामने आया है.

राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा, ”हाल के दिनों में इस तरह के मामले बढ़े हैं. हमने इस पर ख़ुद संज्ञान लिया है और मामले की जाँच के लिए राज्य के डीजीपी को पत्र लिखेंगे.”

“पिछले कुछ समय में लिव-इन पार्टनर के ख़िलाफ़ इस तरह के अपराध बढ़े हैं. मैंने देखा कि लोग अतीत में हुईं इस तरह की घटनाओं को देखकर क्राइम कर रहे हैं, जो बेहद डरावना है. इसलिए समाज को सोचने की ज़रूरत है कि आख़िर इस तरह के अपराध को कैसे रोका जाए.”

दुर्गंध से हुआ खुलासा

56 वर्षीय मनोज साने और सरस्वती वैद्य पिछले तीन साल से मीरा रोड स्थित गीता आकाशदीप सोसायटी के फ़्लैट नंबर 704 में रह रहे थे.

पड़ोसियों के मुताबिक़, बुधवार सुबह फ़्लैट से दुर्गंध आने लगी और हर कोई बेचैन होने लगा था. लेकिन फ़्लैट के खुलने तक शाम हो चुकी थी.

पड़ोसियों का कहना है कि दोनों की बिल्डिंग के बाकी लोगों से कम बातचीत होती थी, इसलिए उनके बारे में लोगों को ज़्यादा जानकारी नहीं है.

मनोज के सामने फ़्लैट नंबर 701 नंबर में रहने वाले व्यक्ति ने मराठी समाचार चैनल ‘एबीपी माझा’ से बातचीत में कुछ अहम जानकारियां दी हैं.

उन्होंने बताया, ”पहले हम सोचते थे कि वे शादीशुदा हैं क्योंकि हमें उनके रिश्ते के बारे में पता नहीं था. हम उनसे बहुत कम बात करते थे. कल सुबह जब गंध आनी शुरू हुई तो हमने सोचा कि कोई जानवर मर गया है. जब आस-पास देखा तो सबके घर खुले थे, इकलौते इसी फ़्लैट में ताला लगा हुआ था. जब मेरे बेटे ने दरवाजा खटखटाया और उन्हें बताया, तो उसने (मनोज) कहा कि वह शाम को आने पर सब कुछ ठीक कर देगा. फिर उसने तुरंत रूम फ्रेशनर स्प्रे किया और दरवाजा बंद करके चला गया. मनोज के आने से पहले पुलिस आ गई और फिर सब कुछ सामने आ गया.”

पड़ोसी का कहना है कि जब पुलिस जाँच चल रही थी तभी मनोज वापस आ पहुंचा. इस दौरान जिस दलाल ने मनोज को फ़्लैट दिलाया था उसने मनोज को पहचान लिया और फिर पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया.

जाँच में सामने आएंगे तथ्य

पुलिस की अब तक की जाँच के मुताबिक़, चार दिन पहले सरस्वती की हत्या की गई थी और दो-तीन दिन पहले मनोज ने उसके शरीर के कुछ हिस्सों को ठिकाने लगा दिया था.

सोसाइटी के कुछ लोगों ने पुलिस को जानकारी दी है कि पिछले दो-तीन दिनों में मनोज को सोसाइटी के आसपास के आवारा कुत्तों को खाना खिलाते हुए देखा गया है. लेकिन सच्चाई क्या है, इसकी जाँच पुलिस कर रही है.

पुलिस ने शरीर के बचे हुए हिस्सों के साथ हत्या में प्रयोग हुए हथियारों को भी बरामद किया है. इसके बाद शव के टुकड़ों को जांच के लिए मुंबई के जे जे हॉस्पिटल भेजा गया है.

पूरे घर में छिपाए थे शव के टुकड़े

हत्या के बाद अभियुक्त मनोज ने लाश के टुकड़े थैलियों में भरे और उन्हें घर के अलग-अलग हिस्सों में छिपा दिया था.

घटना के बाद पुलिस को अब तक हत्या के पीछे का कारण पता नहीं चला है.

पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि पिछले कुछ सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे दोनों के बीच आख़िर ऐसा क्या हुआ कि हत्या की नौबत आ गई.

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *