मंगलुरु एयरपोर्ट पर दुबई जा रहे इंडिगो के विमान से पक्षी टकरा गया जिसके बाद सभी 160 से अधिक यात्रियों को उतार लिया गया. पायलट द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किए जाने के बाद, विमान हवाईअड्डे के एप्रन में लौट आया था. इसके बाद दूसरी फ्लाइट से सभी यात्रियों को दुबई भेजा गया.
मंगलुरु. दुबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट से एक पक्षी के टकरा जाने के बाद विमान को रनवे से एप्रन में भेज दिया गया. इसमें 160 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें विमान से उतारना पड़ा. यह घटना मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MIA) पर सुबह 8.25 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E 1467 IXE-DXB पर हुई. जब यह घटना हुई तब फ्लाइट रनवे में ही प्रवेश कर गई थी. इस घटना से हवाई अड्डे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.
पायलट द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किए जाने के बाद, विमान को हवाईअड्डे के एप्रन में लौटाया गया जहां उड़ानें खड़ी की जाती हैं. उन्होंने बताया कि तकनीकी विशेषज्ञ विमान का निरीक्षण कर रहे हैं. इसके बाद, यात्रियों को बेंगलुरु से आए इंडिगो के एक अन्य विमान से दुबई भेजा गया. सूत्रों ने कहा कि उड़ान को दुबई के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था और इसने सुबह 11.05 बजे उड़ान भरी.
अप्रैल में नेपाल में हुआ था हादसा
इससे पहले अप्रैल में फ्लाई दुबई के एक विमान के एक पक्षी से टकराने के बाद उसके एक इंजन में आग लग गई थी. यह घटना नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरने के बाद हुई. घटना के समय विमान में 150 से अधिक यात्री सवार थे.
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

