नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रात करीब 9:26 बजे भगदड़ से 15 लोगों की मौत हो गई, इनमें 3 बच्चे हैं। 10 से ज्यादा लोग घायल हैं। लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ने मौत की पुष्टि की है।

हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर भीड़ होने की वजह से हुआ है। बताया जा रहा है कि महाकुंभ जाने वाली 2 ट्रेन लेट हो गई थीं। इसी वजह से भीड़ बढ़ी और भगदड़ मच गई।

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी विलंब से चलने के कारण इसके यात्री भी प्लेटफार्म पर नंबर 12,13 और 14 पर थे। इसी दौरान प्रयागराज ट्रेन के और यात्री आने लगे। इससे प्लेटफार्म नंबर 16 के एस्केलेटर के पास और प्लेटफार्म नंबर 14 व 15 पर भगदड़ मच गई। इसमें महिलाएं और बच्चों समेत कई लोग गिर गए। लोग उनके ऊपर से चढ़कर पार होने लगे।

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट कर घटना पर शोक जताया है। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना के जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, इससे पहले नॉर्दन रेलवे के CPRO (चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर) ने भगदड़ की बात से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि कोई भगदड़ नहीं हुई, यह सिर्फ अफवाह है।
DCP रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में 15 लोग घायल हो गए। प्रयागराज एक्सप्रेस जब प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी, तब प्लेटफॉर्म पर काफी लोग मौजूद थे। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी लेट थीं और इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफॉर्म नंबर 12,13 और 14 पर मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, 1500 जनरल टिकट बिक चुके थे, इसलिए भीड़ बेकाबू हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर 14 और प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास एस्केलेटर के पास भगदड़ जैसी स्थिति हो गई।’ इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है साथ ही भीड़ को संभालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
वहीं, रेल मंत्रालय के मुताबिक, रेलवे पुलिस और दिल्ली पुलिस स्टेशन पर पहुंच गई है। स्थिति नियंत्रण में है।
इससे पहले 29 जनवरी को प्रयागराज के महाकुंभ में 30 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 10 फरवरी 2013 को कुंभ के दौरान प्रयागराज स्टेशन पर भगदड़ मची थी। हादसे में 36 लोग मारे गए थे।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
