लखनऊ: नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपरस्टार्स की तीन मैचों की विजयी लय तोड़ते हुए 2025 ANAX UPT20 में सीज़न की अपनी चौथी जीत दर्ज की


भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले गए 25वें मैच में किंग्स के तेज़ गेंदबाज़ नमन तिवारी और कुनाल त्यागी ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए कानपुर को 114 रनों पर समेट दिया। इसके बाद नोएडा के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज़ में लक्ष्य का पीछा किया और नेट रन रेट सुधारने के इरादे से 13वें ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया।

कानपुर सुपरस्टार्स की पारी शुरू से ही बिखरी रही। जिस पिच पर दिन में 190 का लक्ष्य चेस हुआ था, वहां कानपुर पावरप्ले में ही पांच विकेट खोकर बैकफुट पर चला गया। यह इस सीज़न का पावरप्ले में किसी भी टीम का सबसे खराब प्रदर्शन रहा।

कप्तान समीर रिज़वी ने 31 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से अर्धशतक जमाकर उम्मीदें जगाईं, लेकिन उनके आउट होते ही बाकी बल्लेबाज भी जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। रिज़वी (51) के अलावा सबसे ज्यादा 17-17 रन शुभम मिश्रा और विनीत पंवार ने बनाए।

दिन पूरी तरह से नोएडा के तेज़ गेंदबाज़ों नमन तिवारी और कुनाल त्यागी के नाम रहा। त्यागी ने पहले शौर्य सिंह को आउट कर शुरुआत की, फिर तिवारी ने अगले ही ओवर में अभिषेक पांडे और आदर्श सिंह को चलता किया। त्यागी ने इसके बाद फ़ैज़ अहमद और शुभ खन्ना को भी सस्ते में निपटा दिया। रिज़वी ने हालांकि पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कार्तिक सिद्धू की शॉर्ट बॉल पर वह डीप मिडविकेट पर लपके गए।

नोएडा की ओर से तिवारी ने 4 विकेट (4/29) और त्यागी ने 3 विकेट (3/13) लेकर कानपुर को 20 ओवर भी पूरे नहीं करने दिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया। हालांकि आक़िब खान ने पहले ही ओवर में अनीवेश चौधरी को आउट कर बढ़त दिलाई, लेकिन मोहम्मद आशियान और शिवम चौधरी ने मिलकर मैच पर पकड़ बना ली। आशियान (32) ने शुरुआत में ताबड़तोड़ चौके लगाए और शिवम चौधरी ने पावरप्ले के बाद गियर बदला।

दमनदीप सिंह के ओवर में आशियान लांग-ऑन पर कैच होकर आउट हो गए, लेकिन शिवम और रवि सिंह ने छक्के लगाकर मैच को एकतरफा कर दिया। रवि आउट हुए, लेकिन शिवम ने अगला ओवर चौका और छक्का लगाकर जीत पक्की की और सिर्फ 32 गेंदों पर अपना अर्धशतक भी पूरा किया।


संक्षिप्त स्कोरकार्ड:

कानपुर सुपरस्टार्स – 114 ऑल आउट, 18.4 ओवर (समीर रिज़वी 51, विनीत पंवार 17; नमन तिवारी 4/29, कुनाल त्यागी 3/13)

नोएडा किंग्स – 120/3, 12.2 ओवर (शिवम चौधरी 52\*, मोहम्मद आशियान 32; दमनदीप सिंह 2/35, आक़िब खान 1/16)

परिणाम: नोएडा किंग्स ने सात विकेट से जीत दर्ज की

मैन ऑफ द मैच: नमन तिवारी

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *