प्रयागराज माघ मेला में तुलसी शिवाला मार्ग पर स्थित एक शिविर में शनिवार शाम को आग लग गई। आग अंगीठी से निकली चिंगारी के कारण लगी, जिससे किशोरी मठ चित्रकूट के शिविर के दो टेंट जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। माघ मेला शुरू होने के बाद यह पांचवीं बार है जब आग की घटना हुई है।

प्रयागराज। माघ मेला शुरू होने के बाद से आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब तक मेला क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर करीब पांच बार आग लग चुकी है। ताज़ा मामला शनिवार शाम तुलसी शिवाला मार्ग स्थित एक शिविर का है, जहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
तुलसी शिवाला मार्ग पर स्थित किशोरी मठ चित्रकूट के शिविर में कुल 10 टेंट लगे हुए थे। शनिवार की शाम एक टेंट में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही शिविर में मौजूद कल्पवासियों में खलबली मच गई और लोग शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पास ही स्थित अग्निशमन केंद्र से फायरकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक आग पास के दूसरे टेंट को भी अपनी चपेट में ले चुकी थी। फायरकर्मियों ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दो टेंट पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी माघ मेला, अनिमेष सिंह ने बताया कि जिस टेंट में आग लगी थी, उसमें ठंड से बचाव के लिए अंगीठी जलाई गई थी। आशंका है कि अंगीठी से निकली चिंगारी के कारण ही आग लगी।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार हो रही आग की घटनाओं ने मेला प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
