लखनऊ | रणजी ट्रॉफी – इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-A मुकाबले के तीसरे दिन झारखंड ने उत्तर प्रदेश पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।
- पहली पारी में अभिषेक गोस्वामी के अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका
- पहली पारी में 176 पर आउट होने के बाद मिला फॉलोऑन, दूसरी पारी में भी यूपी ने 69 पर 7 विकेट खो दिए

लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी का मुकाबला उत्तर प्रदेश क्रिकेट के लिए एक काले अध्याय में तब्दील होता नजर आ रहा है। झारखंड के खिलाफ यूपी टीम अपने ही घरेलू मैदान पर पारी की शर्मनाक हार के बेहद करीब पहुंच चुकी है। चौथे और अंतिम दिन अगर कोई चमत्कार या प्राकृतिक आपदा नहीं आती, तो मेजबान टीम का घर में शर्मसार होना लगभग तय माना जा रहा है।
मैच की स्थिति पूरी तरह यूपी के खिलाफ है। झारखंड को बोनस अंक के साथ जीत दर्ज करने के लिए महज 3 विकेट की जरूरत है, जबकि यूपी को पारी की हार से बचने के लिए अब भी 316 रन बनाने होंगे—जो मौजूदा हालात में किसी असंभव सपने से कम नहीं लग रहा।
तेज़ गेंदबाज़ों के आगे यूपी ने टेके घुटने
एलीट ग्रुप-A के इस मुकाबले में यूपी की बल्लेबाज़ी पूरी तरह बिखर गई। झारखंड के सीम गेंदबाज़ों ने ऐसा कहर बरपाया कि यूपी के बल्लेबाज़ टिक ही नहीं पाए। मैच में अब तक गिरे 17 में से 16 विकेट तेज़ गेंदबाज़ों के नाम रहे, जो यूपी की तकनीकी कमजोरी और मानसिक टूटन को साफ उजागर करता है।
फॉलोऑन खाने के बाद दूसरी पारी में यूपी तीसरे दिन स्टंप्स तक 7 विकेट पर महज़ 69 रन ही बना सकी। हालात ऐसे थे कि मैच का नतीजा तीसरे दिन ही आ जाता, लेकिन माधव कौशिक और विप्रज निगम ने जैसे-तैसे अंतिम साढ़े चार ओवर निकालकर दिन का खेल समाप्त कराया।
पहली पारी में भी फ्लॉप, दूसरी पारी में और बदतर हाल
इससे पहले यूपी की पहली पारी 176 रनों पर सिमट गई थी, जिसके चलते टीम को फॉलोऑन झेलना पड़ा। दूसरी पारी में प्रदर्शन और भी शर्मनाक रहा। सलामी जोड़ी 10 गेंदों के भीतर 9 रन पर ही पवेलियन लौट गई। टॉप और मिडिल ऑर्डर पूरी तरह नाकाम रहा और महज़ 61 रन पर 7 विकेट गिर गए।
कप्तान आर्यन जुयाल एक बार फिर नाकाम रहे और 24 रन बनाकर आउट हो गए। शिवम मावी और शिवम शर्मा तो खाता भी नहीं खोल सके। झारखंड के लिए साहिल राज और जतिन पांडे ने दो-दो, जबकि शुभम कुमार सिंह ने एक विकेट झटका।
यूपी के गेंदबाज़ भी रहे फीके
जहां झारखंड के सीमर्स ने विकेट का भरपूर फायदा उठाया, वहीं यूपी के तेज़ गेंदबाज़ उसी पिच पर पूरी तरह नाकाम रहे। टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला सही था, लेकिन पहले दिन यूपी के सीमर्स दबाव नहीं बना सके। शिवम मावी ने घास वाली पिच से मदद लेने की कोशिश जरूर की, लेकिन वे भी प्रभाव छोड़ने में विफल रहे।
झारखंड ने अपनी पहली पारी 561 रन पर 6 विकेट के नुकसान पर घोषित कर यूपी को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
अभिषेक गोस्वामी की अकेली लड़ाई
यूपी की ओर से पहली पारी में सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक गोस्वामी ही एकमात्र बल्लेबाज़ रहे जिन्होंने संघर्ष दिखाया। उन्होंने 168 गेंदों में 85 रन की जुझारू पारी खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज़ क्रीज पर टिकने की हिम्मत नहीं दिखा सका। इससे पहले आज यूपी की पहली पारी में सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने अकेले दम झारखंड के गेंदबाजों से मोर्चा लिया और 168 गेंदों में एक छक्के व 13 चौके लगाते हुए 85 रन बनाए। वे आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। चोटिल प्रशांतवीर की जगह शामिल किए गए ऑलराउंडर शिवम शर्मा (24) को छोड़ अन्य कोई बल्लेबाज विकेट पर खड़ा रहने में सफल नहीं हो सका। सिद्धार्थ यादव 14, प्रियम गर्ग 7, विप्रज निगम 9 शिवम मावी 10 और कार्तिक यादव 4 रन बनाकर आउट हुए। झारखंड के लिए मीडियम पेसरों शुभ कुमार सिंह ने 47 रन देकर 4 और जतिन पांडे ने 32 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि एक-एक विकेट साहिल राज और सौरभ शेखर ने लिया। स्पिनर्स में एकमात्र सफलता अंकुल रॉय के हिस्से आई।
टीम को बड़ा झटका: प्रशांतवीर अगले मैच से भी बाहर!
यूपी टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। चोटिल प्रशांतवीर का विदर्भ के खिलाफ अगला मैच खेलना भी मुश्किल माना जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उनकी चोट को ठीक होने में कम से कम तीन हफ्ते लग सकते हैं। नए नियम के तहत उन्हें रिप्लेस किया गया, लेकिन यह बदलाव भी टीम की किस्मत नहीं बदल सका।
प्रशांतवीर की मेडिकल रिपोर्ट से यूपी टीम को झटका लगा है। प्रशांतवीर विदर्भ के खिलाफ नागपुर में होने वाले अगले मैच से भी बाहर रह सकते हैं, क्योकि उनकी चोट ठीक होने में कम से कम तीन सप्ताह का समय लगने की संभावना है। दूसरे दिन लंच से पहले प्रशांतवीर के कंधे मेंं शरनदीप सिंह का शॉट रोकने के दौरान इंजरी हो गई थी। उनकी जगह शिवम शर्मा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। नये नियम के अनुसार यदि कोई सीरियस इंजरी होती है तो मैच के दौरान भी घायल किसी खिलाड़ी का रिप्लेसमेंट मिल सकता है। बीसीसीआई ने यह नियम पिछले घरेलू सत्र के दौरान ही लागू कर दिया था। शिवम शर्मा टीम में 12वें खिलाड़ी थे। प्रशांत वीर की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद अंपायरों ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर शिवम को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की इजाजत दे दी।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
