सहाराश्री सुब्रत रॉय का निधन, मुंबई के अस्पताल में ली अंतिम सांस


देश के बड़े औद्योगिक घराने सहारा ग्रुप के चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत राय सहारा का निधन हो गया है। उद्योग जगत में सहाराश्री के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है।

सहारा ग्रुप के चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत राय सहारा
सहारा ग्रुप के चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत राय सहारा

सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा का मंगलवार को निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे। सहारा परिवार के मुखिया सहाराश्री सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। उनका मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सहारा ग्रुप ने एक बयान में कहा कि सहाराश्री सुब्रत रॉय का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण निधन हो गया। बयान के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया था। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से उत्पन्न जटिलताओं के बाद कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण मंगलवार रात 10.30 बजे अस्पताल में उनका निधन हो गया।

सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था। वे भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के फाउंडर थे। उन्हें देशभर में ‘सहाराश्री’ के नाम से भी जाना जाता था। बिहार के अरारिया जिले में जन्मे सुब्रत रॉय ने कोलकाता के होली चाइल्ड स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने राजकीय तकनीकी संस्थान गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया।
सहाराश्री ने वर्ष 1978 में गोरखपुर से अपना व्यवसाय शुरू किया और सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की। वर्ष 2012 में इंडिया टुडे पत्रिका ने सुब्रत रॉय को भारत के 10 सर्वाधिक अमीर लोगों में शामिल किया था। आज सहारा समूह हाउसिंग, मनोरंजन, मीडिया, रिटेल और वित्त सेवाओं जैसे तमाम क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सहारा समूह के पास जून-2010 तक लगभग 1,09,224 करोड़ रूपये की परिसंपत्ति थी।

समाजवादी पार्टी ने सहाराश्री के निधन पर दुख जताया
समाजवादी पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में सुब्रत रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया। पार्ट ने लिखा, सहाराश्री सुब्रत रॉय जी का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोकाकुल परिजनों को ये असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *