9वां अयोध्या दीपोत्सव: बन गए दो नए विश्व कीर्तिमान, CM योगी बोले- ‘एक रहेगा तो श्रेष्ठ रहेगा भारत’


अयोध्या। दीपोत्सव के नौवें संस्करण में भी विश्व कीर्तिमान बना। रामकी पैड़ी पर 26 लाख 17 हजार 215 प्रज्वलित दीये गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में अंकित हो गए। इसके साक्षी बने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को लोक आस्था से भी जोड़ा।

कहा, भारत एक रहेगा तो श्रेष्ठ रहेगा, कोई भी आस्था को अपमानित नहीं कर सकेगा और दीपोत्सव होता रहेगा। उन्होंने कहाकि अपने जन्म दिन पर बर्मिंघम से बग्घी मंगाने वाले, समाज को जातियों में बांटने वाले राम को नहीं मानते। वे दीपोत्सव का भी विरोध करते हैं।

वही लोग प्रदेश के खजाने का धन सैफई महोत्सव और कब्रिस्तान की बाउंड्री पर खर्च करते थे, लेकिन दीपोत्सव का विरोध करते हैं, जबकि इन दीयों से कुम्हार समाज के परिवारों को लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि रामद्रोहियों को दीपोत्सव अच्छा लग भी कैसे सकता है।

इससे पहले दीपोत्सव का प्रथम संस्करण ही कीर्तिमान नहीं बन सका था। इसके बाद से लगातार आठ संस्करण गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में अंकित हुए हैं। रविवार को सूर्यास्त के साथ ही रामकी पैड़ी के 56 घाटों पर 28 लाख दीयों को प्रज्वलित करने का क्रम आरंभ हुआ। इसके अलावा, सरयू नदी तट पर 2100 लोगों ने एक साथ आरती करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

इनमें 26 लाख 11 हजार 101 प्रज्वलित दीयों का कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन रिकॉर्ड में इससे अधिक दीये उत्कीर्ण हुए। दीयों की गणना के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की टीम पहले ही यहां आ चुकी थी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी की ओर से कीर्तिमान की अधिकृत घोषणा के बाद प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को कीर्तिमान का प्रमाणपत्र भेंट किया। इस अवसर पर डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

अयोध्या दीपोत्सव में टेक्नोलॉजी से दिखा भव्य नजारा, ड्रोन और लेजर शो ने लोगों को किया आकर्षित

रामनगरी के दीपोत्सव के नौवें संस्करण के भव्य आयोजन के दौरान राम की पैड़ी पर कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो ने बेजोड़ प्रस्तुति दी। 1100 स्वदेशी ड्रोनों ने अयोध्या के आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया। रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो, दीपोत्सव-2025 की विशेष प्रस्तुतियों में से एक रहा। ड्रोन शो में भगवान राम और रामायण से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुति हुई, जिसमें ”’जय श्रीराम”, धनुषधारी श्री राम, संजीवनी पर्वत उठाए हनुमान, रामसेतु और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जैसी मनमोहक आकृतियां उकेरी गईं।

आसमान में 1,100 ड्रोनों द्वारा जब रामायण के प्रसंगों की झलकियां उभरने लगीं, तो हर आकृति पर तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी के स्वर गूंज उठे। दृश्य इतना मनमोहक रहा कि क्षणभर को ऐसा लगा मानो स्वर्ग धरती पर उतर आया हो।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *