छठ महापर्व लोक आस्था और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ


Photo : Utkarsh Kumar
Photo : Utkarsh Kumar

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान, लखनऊ में आयोजित भव्य ‘छठ पूजा’ कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह लोक आस्था का पर्व न केवल आध्यात्मिक उन्नयन का माध्यम है, बल्कि सामाजिक एकता, प्राचीन भारतीय विरासत और प्रकृति से संवाद का प्रतीक भी है।

Photo : Utkarsh Kumar
Photo : Utkarsh Kumar

मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के दौरान छठ गीतों का आनंद लिया और ‘भोजपुरिया सनेश’ स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने भोजपुरी में संबोधन देकर श्रद्धालुओं में उत्साह भरते हुए कहा—

“छठ मईया के कृपा सबके ऊपर बनल रहे, सभन लोगन के परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली रहे।”

उन्होंने व्रत करने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए छठी माई से आशीर्वाद मांगा कि उनके सभी सपने पूरे हों।

घाट पर महिलाएं पूजा अर्चना करती हुई । Photo: Utkarsh Kumar
घाट पर महिलाएं पूजा अर्चना करती हुई । Photo: Utkarsh Kumar

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व विश्वभर में बसे भोजपुरी समाज को आत्मशुद्धि और लोककल्याण के मार्ग से जोड़ता है। उन्होंने बहनों और माताओं के तप व साधना को नमन करते हुए कहा कि चार दिनों की कठिन उपासना परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज यह पर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश से निकलकर पश्चिमी क्षेत्रों तक फैल चुका है। गाजियाबाद, नोएडा जैसे शहरों में लाखों श्रद्धालु छठ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल सांस्कृतिक एकता बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देता है।

घाट पर महिलाएं पूजा अर्चना करती हुई । Photo: Utkarsh Kumar
घाट पर महिलाएं पूजा अर्चना करती हुई । Photo: Utkarsh Kumar

योगी आदित्यनाथ ने स्वच्छ भारत अभियान को छठ पर्व से जोड़ते हुए कहा कि स्वच्छता ही श्रद्धा का आधार है। उन्होंने सिंगल-यूज प्लास्टिक, पॉलीथिन और कूड़े के उपयोग पर रोक लगाने का आह्वान किया और कहा कि गंदगी के कारक नदी-नालों में न डाले जाएं। “अगर हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए, तो आधी से अधिक समस्याएं खुद-ब-खुद दूर हो जाएंगी,” उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्षों में गोमती में जल स्तर और प्रदूषण की शिकायतें मिली थीं, लेकिन इस बार प्रशासन, नगर निगम और स्वयंसेवी संगठनों के प्रयासों से सुधार हुआ है। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज ने भी स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि छठ पर्व के समापन के बाद स्वच्छता अभियान चलाकर अपने राष्ट्रीय कर्तव्य का पालन करें।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा—

“जब तक नागरिक राष्ट्रीय कर्तव्य से नहीं जुड़ते, तब तक कोई देश विकसित नहीं हो सकता। छठ पर्व हमें वही प्रेरणा देता है — आत्मशुद्धि, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की।”

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *