IT Raid in Lucknow: लखनऊ में जारी है आयकर विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अमरावती बिल्डर के करीबियों के यहां पड़े छापे


रविवार रात को विभाग की एक टीम ने गोमतीनगर बेतवा अपार्टमेंट स्थित बिल्डर के करीबी हरीश मिश्रा के यहां छापेमारी की। मिश्रा भी एक कारोबारी हैं।

IT Raid in Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से आयकर विभाग काफी एक्टिव है। राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के तमाम बड़े शहरों में आईटी डिपार्टमेंट की विभिन्न टीम कारोबारियों के ठिकाने पर रेड मार रही हैं। इनकम टैक्स के रडार पर इन दिनों लखनऊ स्थित अमरावती बिल्डर है। रविवार रात को विभाग की एक टीम ने गोमतीनगर बेतवा अपार्टमेंट स्थित बिल्डर के करीबी हरीश मिश्रा के यहां छापेमारी की। मिश्रा भी एक कारोबारी हैं।

दरअसल, आयकर विभाग को अब तक की छापेमारी में 65 करोड़ रूपये के जमीन के सौदे के बारे में पता चला है। इस सौदे का कोई भी दस्तावेज बिल्डर के पास नहीं है।  इसकी खरीदारी रजनीकांत मिश्रा नामक कारोबारी से की गई थी। इसलिए टीम ने उनके ठिकानों पर भी छानबीन की है। कारोबारी हरीश मिश्रा के बारे में बताया जा रहा है कि वे अमरावती और पिंटेल समूह द्वारा खरीदी गई कई जमीनों की सेल डीड में आथोराइज सिगनेटरी थे। यही वजह है कि आयकर विभाग के रडार पर वे भी आ गए हैं।

राजनेताओं के काले पैसे को सफेद करने का आरोप

अमरावती, पिंटेल और एक्सेला समूह जैसी कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई 7 जून से चल रही है। इन समूहों के बारे में विभाग को काफी समय से शिकायतें  प्राप्त हो रही थीं। जिसके बाद इन कंपनियों के कई ठिकानों पर रेड डाली गई। लगभग तीन दिन तक चली जांच में टीम को कई अहम दस्तावेज प्राप्त हुए थे। जिससे यह चला कि इन कंपनियों के यहां बड़े सियासी घरानों के पैसे लगे हुए हैं। इनमें यूपी से लेकर महाराष्ट्र तक के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार शामिल हैं। हालांकि, आयकर विभाग द्वारा इन दिनों तक कार्रवाई करने के बाद भी उन परिवारों के बारे में कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। विभाग के अधिकारियों ने सूत्रों को बताया कि हवाला के जरिए इन कंपनियों में पैसा लगाया जाता था। फिर उसे काले पैसे को सफेद करने के लिए रियल एस्टेट में खपाया जाता था। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट लखनऊ के अलावा वाराणसी, जौनपुर, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे कई शहरों में मौजूद इन कंपनियों के 50 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर चुका है।

इनकम टैक्स को यहां से भारी मात्रा में कैश के अलावा बेनामी संपत्ति के दस्तावेज और शैल कंपनियों के बारे में जानकारी हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि काले पैसे को सफेद करने के इस गोरखधंधे में कई प्रभावशाली लोग शामिल हैं। जिनका नाम सामने आने पर सियासी बवंडर उठ सकता है। लिहाजा विभाग के अधिकारियों को किसी तरह की जानकारी जांच पूरी होने तक लीक न करने की सख्त हिदायत दी गई है।

 

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *