यूपी के गाजियाबाद स्थित टीलामोड़ थानाक्षेत्र के गरिमा गार्डन स्थित भल्ला फार्म हाउस बरातघर में 30 मार्च को आई बरात में झगड़ा हो गया। चार-पांच अज्ञात लोगों ने बरातियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले में बागपत के चांदनी नगर थानाक्षेत्र स्थित पानथी गांव निवासी शहजाद ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी तहरीर में शहजाद ने बताया कि सोमवार को वह अपने भाई शादाब की बरात लेकर भल्ला फॉर्म हाउस आए थे। यहां खाना खाते समय कुछ अज्ञात युवकों ने बरात में आए शाबिर व उस्मान से झगड़ा करना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर वह अपने भाई इशाक, इजराइल और बहन साजिदा के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे।

आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाया और चाकू से जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। पीड़ित ने बताया कि उनकी बहन साजिदा व अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हमला करने वाले आरोपी फार्म हाउस के ही कर्मचारी थे। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में तीन टीमें जुटी हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
