एजेंसी, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन (Kanchanjunga Express Accident) को एक मालगाड़ी ने टक्कर मार दी है। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई है और कई के घायल होने की खबर है। मौके पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। आपदा टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हादसा न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के करीब निजबाड़ी स्टेशन के पास हुआ है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे जोन में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।’

नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे (NFR) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस सोमवार सुबह न्यू जलपाईगुड़ी के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई। कटिहार डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि अगरतला से आ रही कंचनजंगा एक्सप्रेस (13174) न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के करीब मालगाड़ी से टकराई है।’
हेल्प डेस्क नंबर 033-23508794 033-23833326
कटिहार डिवीजन हेल्पलाइन नंबर 09002041952 9771441956

ममता बनर्जी ने कहा- हादसे के बारे में जानकर स्तब्ध हूं
कंचनजंगा एक्सप्रेस की कई बोगियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई पटरी से उतर गई हैं। मालगाड़ी के भी कई डिब्बे बेपटरी हो गए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा इलाके में एक दुखद रेल दुर्घटना के बारे में जानकर मैं स्तब्ध हूं। विस्तृत जानकारी का इंतजार है। बताया जा रहा है कि कंचनजंगा एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकरा गई है। बचाव और चिकित्सा सहायता के लिए डीएम, एसपी, डॉक्टर, एंबुलेंस और आपदा टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
