
ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक बस हादसे में नौ यात्री जिंदा जल गए। यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। आग लगने की चपेट में आने से 9 लोगों ने दम तोड़ दिया। 20 यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि कई यात्रियों ने बस से कूदकर जान बचाई। बस चालक और परिचालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगा है।


यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसा: 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की स्लीपर बस में जेवर थाना क्षेत्र के पास 33वें किलोमीटर माइलस्टोन के नजदीक अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 30-35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने और सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन धुएं और आग से घिरी बस के अंदर नौ यात्रियों की मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मौत की वजह जलने या दम घुटने की आशंका जताई गई है।


बस में आग लगने की वजह की जांच, ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के अनुसार बस का रजिस्ट्रेशन नंबर BR32PA8647 था। सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मियों के साथ रेस्क्यू टेंडर, जेवर टोल प्लाजा पर तैनात फायर टेंडर और चार अन्य दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में बस के एयर-कंडीशनिंग सिस्टम में स्पार्क या धमाके के कारण इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की संभावना जताई गई है, जिसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज तथा पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए।
FIR में लापरवाही के आरोप, यात्री ने बताया कैसे फैली आग



हादसे के बाद यात्री सुनील कुमार, निवासी राठ, हमीरपुर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक, बस में आग लगने से पहले यात्रियों को केबिन की ओर से जलने की गंध आने लगी थी। यात्रियों ने कथित तौर पर चालक और परिचालक को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि बस को तत्काल नहीं रोका गया। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि चालक और परिचालक केबिन में बीड़ी या सिगरेट पी रहे थे और यात्रियों के बस रोकने की मांग पर कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया। यात्री के अनुसार, कुछ ही देर बाद चालक की सीट के पास से आग की तेज लपटें निकलने लगीं और देखते ही देखते बस धुएं से भर गई। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यात्रियों ने सुनाई खौफनाक आपबीती, धुएं के बीच बचाई जान
हादसे से बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी, तभी किसी ने दरवाजा खटखटाकर उसे जगाया। जागने पर उसने चारों तरफ लोगों की भीड़ और अफरा-तफरी देखी। स्थिति इतनी भयावह थी कि वह अपना सामान तो दूर, जूते तक नहीं पहन सकी और सिर्फ मोबाइल लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की। महिला के मुताबिक, बस के अंदर इतना धुआं भर गया था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था और यात्री एक-दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसे खींचकर बाहर निकाला। एक अन्य यात्री ने बताया कि सोते समय किसी ने उसे जगाकर बस में आग लगने की जानकारी दी, जिसके बाद सभी लोग बाहर निकलने के लिए भागे। धुएं और घबराहट के बीच बाहर निकलना बेहद मुश्किल था। हादसे में अब तक दो मृतकों की पहचान देवेंद्र भारद्वाज (60), निवासी हिसार, हरियाणा और हरिशरण गुप्ता (55), निवासी उरई के रूप में बताई गई है। देवेंद्र भारद्वाज की पत्नी रेखा भारद्वाज का अस्पताल में इलाज जारी है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
