
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने शुक्रवार को एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया है। फ्रेंचाइजी ने उनके इस फैसले को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। इस खबर के सामने आने के बाद आईपीएल जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

एलएसजी प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि फ्रेंचाइजी ऋषभ पंत के फैसले का सम्मान करती है और कप्तान के रूप में उनके योगदान की सराहना करती है। टीम प्रबंधन ने उनके नेतृत्व, समर्पण और ड्रेसिंग रूम में निभाई गई भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया है।

एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से इस संबंध में संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। ऐसे निर्णय लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अब फ्रेंचाइजी का पूरा ध्यान टीम के पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर रहेगा, ताकि आने वाले सीजन में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके और उच्चतम मानकों तक पहुंच सके। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से अभी नए कप्तान के नाम की घोषणा नहीं की गई है।
ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के पीछे के कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। लेकिन उनके इस फैसले ने क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पंत की गिनती भारतीय क्रिकेट के आक्रामक और प्रभावशाली खिलाड़ियों में होती है, ऐसे में उनका कप्तानी छोड़ना एलएसजी के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि लखनऊ सुपर जायंट्स आगामी सीजन के लिए किस खिलाड़ी को टीम की कमान सौंपती है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
