चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड गिरा

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक टीटीई समेत दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को बीच में रोका गया
हादसे के दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस (13037) प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंच चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत प्लेटफॉर्म को खाली कराया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। मौके पर क्रेन मंगवाई गई, जिसकी मदद से नीचे गिर चुके टिन शेड के हिस्से को हटाने का काम शुरू किया गया।

रेनोवेशन के दौरान कमजोर हुआ टिन शेड का सपोर्ट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर इन दिनों रेनोवेशन का काम चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म नंबर-5 के टिन शेड को जिन पिलर्स और रेलिंग का सहारा मिला हुआ था, उन्हें कुछ स्थानों से खोल दिया गया था। इससे टिन शेड का सपोर्ट कमजोर हो गया और करीब 60 से 70 फीट लंबा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। रेलवे प्रशासन अब इस तकनीकी लापरवाही की जांच कर रहा है।
इंटरसिटी एक्सप्रेस निकलने के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 से रवाना हुई थी। ट्रेन निकलने के बाद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या काफी कम थी। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ टिन शेड नीचे गिर गया। हादसे में टीटीई भूपेंद्र और यात्री अभिषेक व साहिल उसकी चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद RPF जवानों ने तेजी दिखाते हुए टिन शेड को उठाकर तीनों को बाहर निकाला।
टीटीई के दोनों पैर फ्रैक्चर, अस्पताल में इलाज जारी
घायल टीटीई भूपेंद्र के दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि यात्री अभिषेक और साहिल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को आलमबाग स्थित अजंता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल यात्री अभिषेक के पिता नरेश ने बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ हरिद्वार जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। उन्होंने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाने की मांग की।
DRM ने दिए जांच के आदेश, कार्रवाई की चेतावनी

उत्तर रेलवे के DRM सुनील कुमार वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार एजेंसी और संबंधित रेलवे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। DRM ने घायलों के परिजनों को आश्वासन दिया कि इलाज का पूरा खर्च रेलवे प्रशासन उठाएगा।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
