
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 18 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक मानसूनी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश के प्रभाव से अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के तराई और दक्षिणी हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और मजबूत होंगी।
मौसम विभाग ने सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
