लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की शुरुआत में ही अव्यवस्था, सड़क और नालियों के बीच कनेक्शन नहीं


लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे शुरू भले हो गया है लेकिन इसमें कई सारी खामियां हैं। सड़क ही नहीं आसपास की मिट्टी भी धंसनी शुरू हो गई है।

नालियों का सड़क से कनेक्शन नहीं, जगह-जगह धंसने लगी सड़क

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से तैयार किया गया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनता नजर आ रहा है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के महज 20 दिन के भीतर ही तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़क धंसने और दरारें पड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। कई जगह सड़क फूलने के साथ उखड़ने लगी, जिसके बाद निर्माण एजेंसी पीएनसी इंफ्राटेक ने मरम्मत का काम शुरू किया। सबसे बड़ी समस्या जल निकासी व्यवस्था को लेकर सामने आ रही है। बारिश का पानी बाहर निकालने के लिए बनाई गई नालियों का सड़क से समुचित कनेक्शन नहीं होने के कारण पानी सड़क पर ही जमा रहा। लगातार पानी जमा रहने से सड़क की सतह और नीचे की मिट्टी प्रभावित हुई, जिसके चलते कई हिस्सों में सड़क धंसने लगी। अब नालियों को सड़क से जोड़ने के लिए कई स्थानों पर तोड़फोड़ कर सुधार कार्य किया जा रहा है। किमी संख्या 32.4 के पास मरम्मत के चलते वाहनों की आवाजाही फिलहाल एक लेन तक सीमित कर दी गई है। एक्सप्रेसवे पर प्रवेश के कुछ किलोमीटर बाद भी सड़क का एक हिस्सा मरम्मत के लिए बंद मिला।

स्लोप की मिट्टी धसकी, सड़क की मजबूती पर उठे सवाल

बारिश ने एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बनाए गए स्लोप की निर्माण गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। किमी संख्या 60 के आगे एक अंडरपास के पास स्लोप की मिट्टी धसकने से गहरा गड्ढा बन गया है। कई जगह स्लोप को पर्याप्त रूप से पक्का नहीं किए जाने के कारण बारिश का पानी मिट्टी को काट रहा है। इससे न केवल किनारे कमजोर हो रहे हैं, बल्कि सड़क के नीचे की मिट्टी पर भी असर पड़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि सड़क के किनारों की मिट्टी लगातार खिसकती रही तो इसका प्रभाव मुख्य सड़क की संरचना पर भी पड़ सकता है। एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह आई दरारों और धंसाव के बाद अब एनएचएआई अधिकारियों की निगरानी में मरम्मत कार्य तेज कर दिया गया है। पुलों और अन्य हिस्सों में दिखाई दे रही दरारों को सीमेंट और अन्य सामग्री से भरने का काम किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी पीएनसी इंफ्राटेक इन दिनों कई स्थानों पर एक साथ मरम्मत कार्य करा रही है। इससे यात्रियों को कई हिस्सों में धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है और कुछ जगह यातायात को एक लेन में संचालित किया जा रहा है।

सड़क किनारे उगी घास भी बनी खतरा, रात में हादसे की आशंका

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क की गुणवत्ता और जल निकासी के साथ-साथ सड़क किनारे की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक्सप्रेसवे के दोनों ओर सड़क के किनारे एक पट्टी खाली छोड़ी गई है, जिसे गिट्टी से तैयार किया गया है। हालांकि कुछ हिस्सों में इसी पट्टी पर घास तेजी से बढ़ गई है। कानपुर की ओर से आने वाले मार्ग पर कई जगह ऊंची-ऊंची घास दिखाई दे रही है। इससे विशेष रूप से रात के समय वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ सकता है, क्योंकि सड़क किनारे का हिस्सा स्पष्ट दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के कुछ ही समय बाद सामने आई इन समस्याओं ने निर्माण और रखरखाव की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल एनएचएआई और निर्माण एजेंसी की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, दरारों को भरने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम कराया जा रहा है। हालांकि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि केवल क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के बजाय जल निकासी, स्लोप और सड़क की आधारभूत संरचना की भी व्यापक जांच की जाए, ताकि बारिश के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *