लखनऊ : मैन ऑफ द मैच कप्तान करन शर्मा की 48 गेंदों पर नाबाद 92 रन की तूफानी कप्तानी पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काशी रुद्रास ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य अजीज अहमद खान, मोहनलाल अग्रवाल, फैसल शेरवानी और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में क्रिकेट को लेकर बढ़ता उत्साह युवा खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक संकेत है और यूपी टी-20 लीग उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन मंच दे रही है।

शुरुआती झटकों के बाद करन शर्मा ने संभाली पारी

गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्रास ने 50 रन की शुरुआती साझेदारी के साथ अच्छी शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट झटककर काशी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। इसके बाद मध्यक्रम भी दबाव में आ गया और 10वें ओवर तक काशी रुद्रास का स्कोर पांच विकेट पर 88 रन हो गया। मुश्किल परिस्थितियों में कप्तान करन शर्मा ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाल लिया। करन ने विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया और अंतिम चार ओवरों में टीम ने 76 रन जोड़ दिए। फील्डिंग में हुई कुछ चूकों और नो-बॉल का भी काशी ने भरपूर फायदा उठाया। करन ने अपनी 92 रन की नाबाद पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर काशी रुद्रास ने 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ करन शर्मा ने लीग की ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। तीन मैचों में उनके खाते में अब 161 रन हो चुके हैं।
गोरखपुर लायंस की शुरुआत अच्छी, लेकिन लगातार गिरते रहे विकेट
195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौर गोरखपुर लायंस की टीम ने पहली ही गेंद पर अभय प्रताप सिंह के छक्के के साथ शानदार शुरुआत की। हालांकि शुरुआती आक्रामकता ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। दूसरे ओवर में वैभव चौधरी ने कप्तान आर्यन जुयाल को आउट कर काशी रुद्रास को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दोनों हाथों से गेंदबाजी करने वाले स्पिनर विजय यादव ने अभय प्रताप सिंह और शिवम चौधरी को पवेलियन भेजकर गोरखपुर को 50 रन पर तीन विकेट के दबाव में ला दिया। मुश्किल स्थिति में सिद्धार्थ यादव और प्रिंस यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने संयम के साथ खेलते हुए 55 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को मुकाबले में वापस लाने का प्रयास किया। इस साझेदारी को तोड़ने के लिए काशी के कप्तान करन शर्मा ने खुद गेंदबाजी की कमान संभाली और आते ही प्रिंस यादव को आउट कर दिया। इसके कुछ ही समय बाद वैभव चौधरी ने अपना दूसरा विकेट हासिल करते हुए सिद्धार्थ यादव को पवेलियन भेज दिया। लगातार विकेट गिरने से गोरखपुर की रनचेज पर दबाव बढ़ता चला गया।
आखिरी ओवरों में संघर्ष, 15 रन से चूका गोरखपुर
गौर गोरखपुर लायंस ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के बावजूद आखिरी ओवरों में मुकाबले में वापसी की पूरी कोशिश की। बल्लेबाजों ने कुछ शानदार चौके और छक्के लगाकर रन गति बढ़ाई और काशी रुद्रास पर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआती ओवरों में हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकी। गोरखपुर लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी और उसे 15 रन से हार का सामना करना पड़ा। काशी रुद्रास की ओर से गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर विपक्षी टीम को लक्ष्य से दूर रखा, जबकि कप्तान करन शर्मा ने बल्ले के साथ गेंद से भी प्रभाव छोड़ा। इस जीत के साथ गत विजेता काशी रुद्रास ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली है और टीम का अभियान मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। दूसरी ओर, गौर गोरखपुर लायंस के लिए यह लगातार दूसरी हार रही। मुकाबले में करन शर्मा की नाबाद 92 रन की पारी निर्णायक साबित हुई, जिसने न केवल काशी को मुश्किल स्थिति से निकालकर 194 रन तक पहुंचाया, बल्कि टीम को सीजन की लगातार दूसरी जीत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

