खेलों से शारीरिक ही नहीं, मानसिक विकास भी: डॉ. नीरज सिंह
लखनऊ। स्थानीय हॉर्नर कॉलेज, महानगर में यूपी गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित 20वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. नीरज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश भाजपा ने किया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने योग और ताइक्वांडो का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। रंगारंग माहौल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्गों में हिस्सा लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेलों को मिले बेहतर अवसर तो निखरेगी प्रतिभा

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से जहां बच्चों का शारीरिक विकास होता है, वहीं उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक मजबूती भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जिन देशों की ओलंपिक पदक तालिका में स्थिति मजबूत होती है, उन्हें विश्व स्तर पर विकसित और खेलों को महत्व देने वाले राष्ट्रों के रूप में पहचान मिलती है। ऐसे में देश और प्रदेश के बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ी, विभिन्न वर्गों में मुकाबले

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर यूपी गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव जावेद खान, संयुक्त निदेशक, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष एवं हॉर्नर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. माला मेहरा, उपाध्यक्ष मोनिका गुप्ता, कोषाध्यक्ष हिना हबीब, संयुक्त सचिव रजा हुसैन, लखनऊ ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अमय चौहान तथा डॉ. असरार अहमद खान सहित अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में मुकाबलों में हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में ताइक्वांडो को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
प्रमुख परिणाम
सब-जूनियर गर्ल्स अंडर-16 किग्रा
स्वर्ण — अबीशा जहां
रजत — दराती
सब-जूनियर बॉयज अंडर-35 किग्रा
स्वर्ण — अयान मोगुलुरु शेख
रजत — मोहम्मद अरहान
कांस्य — आदृत
सब-जूनियर बॉयज अंडर-38 किग्रा
स्वर्ण — आयुष्वान मिश्रा
रजत — अश्विक सहा
सब-जूनियर बॉयज अंडर-50 किग्रा
स्वर्ण — देव मलिक
रजत — जडेएन ब्रूक्स
सब-जूनियर बॉयज अंडर-29 किग्रा
स्वर्ण — प्रत्युष कन्नौजिया
रजत — इमाद मोहसिन
कांस्य — दिग्विजय सिंह
कांस्य — रिहत कवीर सिंह
सब-जूनियर गर्ल्स अंडर-26 किग्रा
स्वर्ण — समृद्धि तिवारी
रजत — अफ़शीन जहां
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.

