लखनऊ: 17 जून को इकाना स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच, रोहित शर्मा के दीदार को बेताब फैंस; इसी मैदान पर जड़ चुके हैं शतक


इकाना में रोहित शर्मा का जलवा देखने को बेताब फैंस, 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे मुकाबला

लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मैदान पर उतरते ही एक नया इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए। हालांकि पहले मुकाबले में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और 16 रन बनाकर रनआउट हो गए, लेकिन लखनऊ में होने वाला मुकाबला उनके लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अगले वर्ष होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी यह सीरीज बेहद अहम है। विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा भारतीय टीम का सबसे बड़ा चेहरा होंगे, ऐसे में सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। उनके साथ कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, केएल राहुल और अर्शदीप सिंह से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

इकाना स्टेडियम और रोहित शर्मा का रिश्ता हमेशा खास रहा है। छह नवंबर 2018 को इसी मैदान पर खेले गए पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 61 गेंदों पर नाबाद 111 रन की विस्फोटक शतकीय पारी खेली थी। उनकी इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को 71 रन से हराया था। इसके बाद वर्ष 2023 में विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ भी रोहित ने कप्तानी पारी खेलते हुए 101 गेंदों में 87 रन बनाए थे, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उस मुकाबले में भारत ने 100 रन से जीत दर्ज की थी। यही कारण है कि इकाना में रोहित शर्मा का रिकॉर्ड और उनकी लोकप्रियता दोनों ही शानदार हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि हिटमैन एक बार फिर इस मैदान पर अपने बल्ले का जादू बिखेरेंगे। माना जा रहा है कि उनकी मौजूदगी टिकट बिक्री को भी रफ्तार देगी, जो शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत धीमी रही थी।

मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। भारतीय टीम 15 जून की शाम तक लखनऊ पहुंच जाएगी, जबकि अफगानिस्तान की टीम के भी उसी दिन शहर पहुंचने की संभावना है। दोनों टीमें 16 जून को इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी, जिसके बाद 17 जून को फ्लडलाइट की रोशनी में रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी ने बताया कि मैच के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जून की गर्मी को देखते हुए दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और स्टेडियम में आने वाले सभी दर्शकों को मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को मैच देखने का अवसर मिले, इसके लिए टिकट दरें भी किफायती रखी गई हैं। जनरल स्टैंड का टिकट 599 रुपये से शुरू होगा, जबकि प्रीमियम श्रेणी के टिकट 25 हजार रुपये तक उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में 17 जून को इकाना स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों को एक और यादगार मुकाबला देखने को मिल सकता है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *