Barabanki News : बाराबंकी में एक मां ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी, जिससे चारों की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर में एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान गांधीनगर निवासी किरण देवी और उनकी तीन बेटियों के रूप में हुई है। मृतक बच्चों में आठ वर्षीय काव्या और सात वर्षीय जुड़वां बहनें अनुष्का व कनिष्का शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे किरण देवी अपनी चार बेटियों में से तीन बेटियों को लेकर घर से निकली थीं। इसके बाद वह लखनऊ-अयोध्या रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं। इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही गांधीनगर समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पति बड़ी बेटी के साथ बाजार गए थे, पीछे से हुआ दर्दनाक हादसा
Barabanki News : परिवार के अनुसार, घटना के समय किरण देवी के पति रामतेज पाल अपनी बड़ी बेटी रिया के साथ बाजार गए हुए थे। वह घर के लिए कपड़े खरीदने निकले थे। रामतेज पाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर वह पत्नी के लिए दवा लेकर आए थे। इसके बाद बड़ी बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए। इसी दौरान किरण देवी अपनी तीन बेटियों को लेकर घर से निकल गईं। पति को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह बच्चों के साथ कहां जा रही हैं। कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर हुए हादसे की सूचना मिली तो परिवार में हड़कंप मच गया। बताया गया कि किरण देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। परिवार के सदस्य उनकी तबीयत को लेकर चिंतित रहते थे। पति के मुताबिक, उनकी बीमारी के चलते घर में लगातार उनकी देखभाल की जाती थी। हालांकि, शुक्रवार को वह अचानक तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गईं और कुछ ही देर में यह दर्दनाक घटना हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली तीनों बच्चियों की उम्र बेहद कम थी। एक साथ पत्नी और तीन बेटियों को खोने से रामतेज पाल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, सभी पहलुओं से जांच जारी
Barabanki News : घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि मृतका के पति रामतेज पाल ने पुलिस को जानकारी दी है कि उनकी पत्नी बीमारी से परेशान रहती थीं और परिवार के लोग उनकी तबीयत को लेकर चिंतित रहते थे। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में महिला के स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की बात सामने आई है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ ही परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की है। बताया गया कि रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। चार जिंदगियों के एक साथ खत्म होने से गांधीनगर में मातम पसरा हुआ है। घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे लोगों के प्रति परिवार और समाज की संवेदनशीलता तथा समय पर उचित देखभाल और सहायता की जरूरत को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
