युवा खिलाड़ियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा कर रही है यूपी टी-20 लीग : आयुष लालवानी


Image Sourced
Image Sourced

कानपुर सुपरस्टार्स के मालिक बोले— मजबूत टीम, अनुशासन और समर्पण के दम पर पहली बार खिताब जीतने का लक्ष्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की बहुप्रतीक्षित यूपी टी-20 लीग 2026 का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस बार कानपुर सुपरस्टार्स अपनी पहली ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में नोएडा किंग्स के खिलाफ खेलेगी। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जहां प्लेऑफ और 6 सितंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। हाल ही में संपन्न खिलाड़ी नीलामी के बाद फ्रेंचाइजी के मालिक आयुष लालवानी ने टीम की तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य हर विभाग में संतुलित और मजबूत टीम बनाना था, जिसमें वे सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर विभाग में टीम के पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्हें विश्वास है कि यह संयोजन टीम को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।

अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण, स्पीड हंट की भी सराहना

आयुष लालवानी ने बताया कि टीम ने अपने मजबूत कोर ग्रुप को बरकरार रखते हुए अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण तैयार किया है। विस्फोटक बल्लेबाज समीर रिजवी बल्लेबाजी की अगुवाई करेंगे, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा और भारत अंडर-19 टीम के कप्तान मोहम्मद अमान के शामिल होने से टीम और अधिक मजबूत हुई है। लालवानी ने कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव युवा क्रिकेटरों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा और वे टीम में सकारात्मक माहौल व नेतृत्व विकसित करेंगे। उन्होंने यूपीसीए के स्पीड हंट कार्यक्रम की भी जमकर सराहना करते हुए कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली तेज गेंदबाजों को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने का बेहतरीन माध्यम है। उनके अनुसार यूपी टी-20 लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का ऐसा मंच देती है, जहां से वे आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने का सपना साकार कर सकते हैं।

राज्य स्तरीय टी-20 लीग से बढ़ रही प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और समर्पण से मिलेगी सफलता

कानपुर सुपरस्टार्स के मालिक का मानना है कि राज्य स्तरीय टी-20 लीगों के विस्तार ने युवा खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार किया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल और भारतीय टीम में अवसर सीमित हैं, इसलिए ऐसी लीग खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रदर्शन करने और खुद को साबित करने के लिए प्रेरित करती हैं। उनका कहना था कि हर खिलाड़ी जानता है कि एक शानदार सीजन उसके करियर की दिशा बदल सकता है, यही इस लीग की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने अपनी टीम के खिलाड़ियों से अनुशासन, फोकस और पूर्ण समर्पण की अपेक्षा जताते हुए कहा कि यदि प्रत्येक खिलाड़ी टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत योगदान देगा तो सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यूपीसीए द्वारा आयोजित चौथे संस्करण की शुरुआत 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम से होगी, जबकि 6 सितंबर को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा। यह लीग उभरते क्रिकेटरों को आईपीएल जैसी पेशेवर प्रतिस्पर्धा और अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

About the Reporter

Journalist at Inside News 24x7 | Website | + posts

दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 9 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डिर्टेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *