Bank Strike 2026 – लगभग 8 लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल में हिस्सा लेने वाले थे. यह हड़ताल देश भर में 1.81 लाख से ज़्यादा बैंक शाखाओं में होने वाली थी.

IBA और UFBU की बैठक के बाद हड़ताल स्थगित
Bank Strike 2026 नई दिल्ली। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। बैंक कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से फाइव-डे बैंकिंग, यानी सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इन्हीं मांगों को लेकर UFBU ने सोमवार से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यह प्रस्तावित हड़ताल 11 सितंबर को आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के बाद की अगली बड़ी कार्रवाई थी। यूनियन की ओर से पहले यह भी कहा गया था कि यदि उनकी मांगों पर ठोस समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
फाइव-डे बैंकिंग की मांग पर बनेगी हाई-लेवल कमिटी
फाइव-डे बैंकिंग की मांग को लेकर बैठक में महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। Inside News 24×7 से बातचीत में All India Bank Officers Confederation के अध्यक्ष R Sekaran ने बताया कि IBA एक हाई-लेवल कमिटी गठित करने के लिए तैयार हो गई है। उन्होंने कहा कि इस समिति में United Forum of Bank Unions (UFBU) के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। समिति सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स से बातचीत करने के बाद सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग पर विचार करेगी। बैंक यूनियनों की मुख्य मांग है कि सभी बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाए और शनिवार व रविवार को अवकाश हो। यूनियनों का कहना है कि यह मांग लंबे समय से लंबित है और इस पर विस्तृत स्तर पर विचार किए जाने की आवश्यकता है। हाई-लेवल कमिटी का गठन इसी मांग को लेकर आगे की प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।

करीब 8 लाख बैंककर्मी होने वाले थे हड़ताल में शामिल
प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल में करीब 8 लाख बैंक अधिकारी और कर्मचारी शामिल होने वाले थे। हड़ताल का असर देशभर में मौजूद 1.81 लाख से अधिक बैंक शाखाओं पर पड़ सकता था। बैंक कर्मचारियों के सात संगठनों के शीर्ष निकाय UFBU ने इस आंदोलन का आह्वान किया था। यूनियन नेताओं के अनुसार, सप्ताह में पांच दिन काम की मांग कई वर्षों से लंबित है। हाल में मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई सुलह बैठकों के दौरान भी इस मुद्दे पर सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने का दावा यूनियनों ने किया था। बैंक यूनियनों का तर्क है कि कई सरकारी और वित्तीय संस्थानों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है। हालांकि, भारत सरकार और बैंक कर्मचारी संगठनों के बीच फाइव-डे बैंकिंग लागू करने को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है।
वित्त मंत्रालय ने बातचीत से समाधान निकालने की अपील की
बैंक हड़ताल के बीच वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल का रास्ता न अपनाने और लंबित मुद्दों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की अपील की थी। मंत्रालय का कहना था कि यूनियनों की अधिकांश चिंताओं का काफी हद तक समाधान किया जा चुका है। मंत्रालय ने प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना से जुड़ी मांग का भी उल्लेख किया। बैंक यूनियनों की ओर से PLI योजना वापस लेने की मांग पर विस्तृत चर्चा के बाद इसे सितंबर की शुरुआत में स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई थी। अब IBA और UFBU के बीच हुई बातचीत के बाद 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। फाइव-डे बैंकिंग की मांग पर बनने वाली हाई-लेवल कमिटी की बातचीत और उसकी सिफारिशों पर आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है। इस फैसले से फिलहाल बैंकिंग सेवाओं के सामान्य रूप से जारी रहने का रास्ता साफ हुआ है।
About the Reporter
दानिश अतीक पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 11 सालों से हैं. इस समय वह इनसाइड न्यूज़ 24x7 में बतौर न्यूज़ डायरेक्टर और रिपोर्टर का काम कर रहे हैं. इससे पहले दानिश अतीक फोटोप्लेयर न्यूज़ में न्यूज डेस्क पर काम कर चुके हैं. उन्हें राजनीति, क्राइम और खेल पर लिखना बेहद पसंद है. दानिश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं, इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई लखनऊ यूनिवर्सिटी से की है.
